जयपुर में अस्थाई अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई, जब्त किया सामान
सतर्कता शाखा ने गोपालपुरा बाईपास और मानसरोवर सहित कई इलाकों से हटाया अतिक्रमण, 7 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला।
नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला तथा 4 केन्टर सामान जब्त किया।
उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के सूर्य नगर गोपालपुरा बाईपास, विजयपथ, थड़ी मार्केट मानसरोवर, इस्कॉन मंदिर रोड, गोपालपुरा पुलिया के नीचे स्थित वसुन्धरा कॉलोनी तथा टोंक रोड सहकार मार्ग पर अस्थाई अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 4 केन्टर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया, जबकि अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 7 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय रहते स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान सहित प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम जयपुर की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि पूर्व से प्राप्त शिकायतों पर सतर्कता शाखा लगातार निगरानी रखते हुए अवैध एवं अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखेगी।