स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जयपुर में रविवार 9 अगस्त को विशाल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ के नेतृत्व में निकलने वाली इस रैली में जन गण मन और वंदेमातरम की गूंज के बीच तिरंगा लहराएगा।

संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा कला साहित्य एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत 9 अगस्त को प्रातः करीब 9 बजे राज्य स्तरीय विशाल तिरंगा रैली का शुभारंभ किया जाएगा।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ शहीद स्मारक (अमर जवान ज्योति) पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से राज्य स्तरीय विशाल तिरंगा रैली को रवाना किया जाएगा।

तिरंगा रैली अल्बर्ट हॉल से प्रारंभ होकर रामनिवास बाग निकास गेट से सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार होते हुए बड़ी चौपड़ तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

जिला कलक्टर ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस विशाल रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासन, पुलिस, आर्मी के जवान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, कॉलेज-स्कूल के विद्यार्थी, एनसीसी, भारतीय स्काउट एवं हिंदुस्तान स्काउट गाइड, माय भारत के वॉलिंटियर्स, खिलाड़ी, व्यापार संघ के पदाधिकारी, पेंशनर्स, भूतपूर्व सैनिक और गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

रैली में शहर के करीब 10,000 नागरिकों के भाग लेने की संभावना है। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह राज्य स्तरीय तिरंगा रैली जयपुर में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के प्रमुख आयोजनों में शामिल होगी।a

Tags: