तस्वीर में जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों में चौथे चरण के मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार करते और पहचान पत्र दिखाते मतदाता नजर आ रहे हैं।

जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण में जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस चरण में कुल 71.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंचायत समिति-वार आंकड़ों में तूंगा 72.77 प्रतिशत मतदान के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि आंधी में सबसे कम 70.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चतुर्थ चरण के तहत बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के पंचायत समिति सदस्य पदों के 82 निर्वाचन क्षेत्रों और जिला परिषद के 13 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 2 लाख 92 हजार 452 मतदाताओं ने मतदान किया।

पंचायत समिति-वार अंतिम आंकड़ों के अनुसार, आंधी में 91 हजार 16 पंजीकृत मतदाताओं में से 63 हजार 817 ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 70.12 रहा। बस्सी में कुल 1 लाख 29 हजार 159 मतदाताओं में से 93 हजार 462 ने मतदान किया और 72.36 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। जमवारामगढ़ में 1 लाख 22 हजार 890 मतदाताओं में से 88 हजार 444 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 71.97 रहा। वहीं, तूंगा में 64 हजार 215 मतदाताओं में से 46 हजार 729 ने मतदान किया। इसके साथ ही तूंगा 72.77 प्रतिशत मतदान के साथ चारों पंचायत समितियों में शीर्ष पर रहा।

मतदान के दौरान समय के साथ मतदाताओं की भागीदारी बढ़ती रही। प्रातः 10 बजे तक 15.25 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 1 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 34.56 प्रतिशत और अपराह्न 3 बजे तक 51.28 प्रतिशत पहुंच गया। सायं 6 बजे तक 70.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल मतदान प्रतिशत 71.81 रहा।

चतुर्थ चरण के तहत बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों में पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। इन पदों के लिए 15 नवंबर को प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन होंगे। इसके बाद 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी, जबकि उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

वहीं, सभी चरणों के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे से शुरू होगी। इस तरह जयपुर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चतुर्थ चरण का मतदान पूरा होने के बाद अब पंच, सरपंच और उपसरपंच पदों की चुनाव प्रक्रिया निर्धारित तारीखों के अनुसार संपन्न होगी।

Tags: