जयपुर में पीएम स्वनिधि शिविर संपन्न, 104 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला ऋण
जयपुर नगर निगम और यस बैंक के तीन दिवसीय शिविर में 68 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 47 को मौके पर स्वीकृति देकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह आसान की गई।
नगर निगम जयपुर एवं यस बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष तीन दिवसीय पीएम स्वनिधि ऋण वितरण शिविर के तीसरे और अंतिम दिन स्ट्रीट वेंडर्स एवं लघु व्यवसायियों में योजना के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में आवेदक सुबह से ही शिविर स्थल पर पहुंचे। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़ स्थित नगर निगम जयपुर के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस त्रि-दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे छोटे व्यवसायों को बिना किसी गारंटी के वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, जिसके तहत यह सफल आयोजन किया गया।
शिविर के तीसरे व अन्तिम दिन कुल 68 स्ट्रीट वेन्डर्स ने ऋण के लिये आवेदन किया। यस बैंक और नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिसमें से 47 आवेदनों को तुरन्त स्वीकृति प्रदान की गयी। 03 दिनों के इस विशेष प्रयास से जयपुर शहर के कुल 104 स्ट्रीट वेन्डर्स के ऋण आवेदनों को बैंक द्वारा मंजूरी देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की राह आसान की गयी है।
नगर निगम जयपुर के आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि नगर निगम एवं बैंक के बीच स्थापित समन्वय का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। शिविर में ही दस्तावेजों की स्क्रूटनी, सत्यापन एवं ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने से स्ट्रीट वेंडर्स को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है तथा उन्हें समयबद्ध रूप से वित्तीय सहायता उपलब्ध हो रही है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम जयपुर द्वारा योजना के अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र स्ट्रीट वेंडर को स्वरोजगार एवं आर्थिक उन्नति का अवसर मिल सके।