जयपुर में पंचायतीराज आम चुनाव की तैयारियों के तहत गुरुवार को जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समिति क्षेत्र के मतदान केंद्र व संग्रहण केंद्र का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक, एसपी जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीना व अन्य अधिकारी।

जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक और पुलिस अधीक्षक, जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीना ने गुरुवार, 12 नवंबर को पंचायत समिति जमवारामगढ़ और पंचायत समिति आंधी का दौरा कर मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मतदान के बाद ईवीएम एवं अन्य सामग्री की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने ग्राम पंचायत साईपुरा के मतदान केंद्र का जायजा लेकर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उपखंड अधिकारी कार्यालय, जमवारामगढ़ में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें रिटर्निंग अधिकारी जमवारामगढ़, रिटर्निंग अधिकारी आंधी, पुलिस अधिकारियों, विकास अधिकारी जमवारामगढ़ एवं आंधी तथा तहसीलदार जमवारामगढ़ एवं आंधी ने भाग लिया।

बैठक में चुनाव तैयारियों के साथ मतदान दलों के प्रशिक्षण और रवानगी, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही आदर्श आचार संहिता और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना करने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत समिति आंधी के संग्रहण केंद्र पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, आंधी का निरीक्षण किया। मतदान के बाद यहां ईवीएम और मतदान सामग्री जमा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम, काउंटर, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान रिटर्निंग अधिकारी जमवारामगढ़ ओम प्रकाश मीणा, रिटर्निंग अधिकारी आंधी सुप्रिया कालेर, पुलिस उपाधीक्षक जमवारामगढ़ राम किशन विश्नोई, विकास अधिकारी जमवारामगढ़ एवं आंधी तथा तहसीलदार जमवारामगढ़ एवं आंधी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों से लेकर ईवीएम संग्रहण केंद्र तक चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

Tags: