जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को पांच पंचायत समितियों और जिला परिषद के वार्डों में होने वाले मतदान के लिए सोमवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से 442 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मतदान दलों और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

संदेश नायक ने बताया कि तृतीय चरण के तहत जयपुर जिले की चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना हुए हैं। इनमें फागी पंचायत समिति के 90, माधोराजपुरा के 93, चाकसू के 93, कोटखावदा के 82 और सांगानेर के 84 मतदान दल शामिल हैं। सभी मतदान दल संबंधित चेक पोस्ट पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के बाद निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे। मतदान संपन्न होने के बाद सभी दल निर्धारित मार्ग से जयपुर लौटेंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत चाकसू पंचायत समिति के 17 पंचायत समिति वार्ड और 32 ग्राम पंचायतों के लिए 93 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कोटखावदा के 15 पंचायत समिति वार्ड और 27 ग्राम पंचायतों के लिए 82, माधोराजपुरा के 15 पंचायत समिति वार्ड और 25 ग्राम पंचायतों के लिए 93, फागी के 15 पंचायत समिति वार्ड और 26 ग्राम पंचायतों के लिए 90 तथा सांगानेर के 15 पंचायत समिति वार्ड और 23 ग्राम पंचायतों के लिए 84 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इस तरह पांचों पंचायत समितियों में कुल 77 पंचायत समिति वार्ड और 133 ग्राम पंचायतों के लिए 442 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला परिषद के वार्ड संख्या 27 से 37 और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी। शुक्रवार, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के साथ मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। जयपुर जिले में तीसरे चरण के चुनाव के तहत पांच पंचायत समितियों के 442 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 74 हजार 816 मतदाताओं की भागीदारी के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

Tags: