जयपुर में 17 अगस्त को होगा वार्ड आरक्षण का निर्धारण, 150 वार्डों के लिए निकलेगी लॉटरी
जयपुर में 17 अगस्त को नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए वार्ड आरक्षण की लॉटरी होगी। 150 वार्डों सहित निकायों में प्रक्रिया सुबह से शुरू होगी।
जयपुर जिले के नगरीय निकायों में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए वार्डों के वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण का निर्धारण 17 अगस्त, 2026 को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के लिए लॉटरी सुबह 10 बजे तथा जयपुर जिले की नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के लिए सुबह 11 बजे लॉटरी प्रक्रिया शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) एवं जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक के आदेशानुसार नगर निगम जयपुर के कुल 150 वार्डों के वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट सभागार, जयपुर में आयोजित होगी। यह प्रक्रिया राजस्थान नगर पालिका निर्वाचन अधिनियम, 2009 एवं नियम, 1994 के प्रावधानों के अनुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न होगी।
इसी क्रम में जयपुर जिले की नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के वार्डों के वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया भी 17 अगस्त, 2026 को सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार, जयपुर में शुरू होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले नगर पालिका जोबनेर के 20 वार्डों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। इसके तत्काल बाद नगर पालिका बगरू के 35, वाटिका के 25, चाकसू के 35, नगर परिषद चौमूं के 45, नगर पालिका कालाडेरा के 20, जमवारामगढ़ के 35, दूदू के 25, फागी के 20, फुलेरा के 25, सांभर के 25, किशनगढ़ रेनवाल के 35, नारायणा के 25, बस्सी के 35, कानोता के 20, नगर परिषद शाहपुरा के 55, मनोहरपुर के 35 एवं खेजरोली के 25 वार्डों के लिए क्रमशः लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
इस तरह 17 अगस्त को जयपुर जिले के नगरीय निकायों में वार्डों के वर्गवार और महिला आरक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी, जिससे नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए वार्ड आरक्षण की स्थिति तय होगी।