जयपुर में निकाय चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण, 18 निकायों में 87.06% मतदान
जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 87.06% मतदान हुआ। संदेश नायक ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक शाहपुरा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में बुधवार को जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया और उपलब्ध मतदान प्रतिशत के अनुसार जिले में अन्तिम रूप से 87.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केन्द्रों पर दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। अनेक केन्द्रों पर मतदाता उत्साहपूर्वक कतारों में खड़े होकर मतदान करते दिखाई दिए।
जयपुर जिले में मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता रहा। प्रातः 10 बजे तक 29.47 प्रतिशत, दोपहर 1ः00 बजे तक 58.29 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 72.66 प्रतिशत तथा अन्तिम रूप से 87.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी नगर निकायों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान केन्द्रों पर प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं की गईं। पेयजल, बैठने सहित आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा गया। मतदान प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कार्मिकों ने पूरी तत्परता से कार्य किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम रहे।
जयपुर के सभी नगर निकायों में बड़ी संख्या में युवा पहली बार मतदान करने पहुंचे। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। वहीं वरिष्ठ नागरिकों ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान किया।
नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने स्वयं मोर्चा संभाला और विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शाहपुरा, चौमू, खेजड़ोली नगर निकायों के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, निर्भीक एवं स्वतंत्र रूप से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के निर्देशन में प्रशासन द्वारा शांति, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गईं। मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पूरी तत्परता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन किया।
मतदान केन्द्रों पर बुधवार को लोकतंत्र की तस्वीर भी देखने को मिली। कहीं पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा उत्साह से भरे नजर आए, तो कहीं वरिष्ठ नागरिक लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने के संकल्प के साथ मतदान करते दिखाई दिए। विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग के लिए सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में 87.06 प्रतिशत मतदान के साथ प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई।