जयपुर नगर निगम चुनाव: 11 सितंबर को 150 वार्डों में मतदान, 24.18 लाख मतदाता करेंगे वोट
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर को मतदान होगा। 2,256 केन्द्रों पर 24.18 लाख मतदाता वोट डालेंगे, दल 10 सितंबर को रवाना होंगे।
11 सितंबर 2026 को जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव के मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मतदान के लिए दल 10 सितंबर, गुरुवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड से दो पारियों में रवाना होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक के निर्देश पर मतदान दलों के प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण और रवानगी की व्यवस्थाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की गई हैं।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में कुल 2,256 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 2,204 मुख्य मतदान केन्द्र और 52 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। इन केन्द्रों पर कुल 24,18,264 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 12,56,187 पुरुष, 11,61,986 महिला और 91 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 827 मतदान भवन निर्धारित किए गए हैं।
निर्वाचन क्षेत्रवार व्यवस्था के अनुसार विद्याधर नगर में 22 वार्डों के लिए 298 मतदान केन्द्रों पर 3,59,546 मतदाता मतदान करेंगे। झोटवाड़ा में 15 वार्डों के लिए 243 मतदान केन्द्रों पर 2,42,645 मतदाता, सांगानेर में 21 वार्डों के लिए 329 मतदान केन्द्रों पर 3,66,775 मतदाता तथा बगरू में 14 वार्डों के लिए 264 मतदान केन्द्रों पर 2,62,457 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इसी तरह मालवीय नगर में 15 वार्डों के लिए 192 मतदान केन्द्रों पर 1,99,530 मतदाता, सिविल लाइन्स में 16 वार्डों के लिए 234 मतदान केन्द्रों पर 2,44,853 मतदाता, किशनपोल में 12 वार्डों के लिए 176 मतदान केन्द्रों पर 1,94,478 मतदाता और आदर्श नगर में 17 वार्डों के लिए 237 मतदान केन्द्रों पर 2,35,822 मतदाता मतदान करेंगे। हवामहल में 15 वार्डों के लिए 241 मतदान केन्द्रों पर 2,64,605 मतदाता तथा आमेर में 3 वार्डों के लिए 42 मतदान केन्द्रों पर 47,553 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान दलों की रवानगी दो पारियों में होगी। प्रथम पारी में 10 सितंबर को प्रातः 7ः00 बजे बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा एवं हवामहल निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दल रवाना किए जाएंगे। द्वितीय पारी में प्रातः 11ः00 बजे मालवीय नगर, आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइन्स एवं आमेर निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दलों की रवानगी होगी।
मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री वितरण के लिए कुल पांच टेस्ट/प्रशिक्षण केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। बगरू एवं मालवीय नगर के लिए टेस्ट क्रमांक 1, सांगानेर एवं आदर्श नगर के लिए टेस्ट क्रमांक 2, विद्याधर नगर एवं किशनपोल के लिए टेस्ट क्रमांक 3, झोटवाड़ा एवं सिविल लाइन्स के लिए टेस्ट क्रमांक 4 तथा हवामहल एवं आमेर के लिए टेस्ट क्रमांक 5 निर्धारित किया गया है।
मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग की अलग व्यवस्था भी की गई है। बगरू के लिए वाहन पार्किंग नम्बर 4, मालवीय नगर के लिए पार्किंग नम्बर 3, सांगानेर के लिए पार्किंग नम्बर 2 तथा आदर्श नगर के लिए पार्किंग नम्बर 3 निर्धारित की गई है। विद्याधर नगर, किशनपोल, झोटवाड़ा, सिविल लाइन्स, हवामहल एवं आमेर के मतदान दलों के लिए वाहन पार्किंग नम्बर 1, आई.टी.आई. कॉलेज के सामने निर्धारित की गई है।
निर्धारित स्थल पर मतदान दलों के बैठने, प्रशिक्षण लेने और चुनाव सामग्री प्राप्त करने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। चुनाव सामग्री वितरण के लिए संबंधित प्रकोष्ठों एवं ईआरओ/आरओ स्टाफ की तैनाती की गई है। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दलों को संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी के दौरान प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य 11 सितंबर को होने वाली मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराना है।