जयपुर नगर निगम के महापौर पद के निर्वाचन में शुक्रवार, 25 सितम्बर को भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी सुनील कोठारी ने जीत दर्ज की। सभासद भवन, नगर निगम जयपुर में हुए मतदान एवं मतगणना के बाद सुनील कोठारी को नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष (महापौर) पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।

नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष (महापौर) पद के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को सभासद भवन, नगर निगम जयपुर में मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। निर्वाचन में कुल 150 मत पड़े। इनमें 149 मत वैध पाए गए, जबकि एक मत नोटा के लिए डाला गया। नामंजूर एवं निविदत्त मतों की संख्या शून्य रही।

रिटर्निंग अधिकारी महापौर एवं उपमहापौर आम चुनाव 2026 आशीष कुमार ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी सुनील कोठारी को 89 मत प्राप्त हुए। वहीं, इंडियन नेशनल कांग्रेस की अभ्यर्थी सुनीता गुप्ता मावर को 60 मत मिले।

मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतों के आधार पर सुनील कोठारी को नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष (महापौर) पद के लिए सम्यक रूप से निर्वाचित घोषित किया गया। इस निर्वाचन के साथ जयपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए परिणाम स्पष्ट हो गया।

Tags: