भाजपा की 200 से अधिक निकायों में जीत, नितिन नवीन बोले- पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहर
राजस्थान में 200 से अधिक निकायों में भाजपा की जीत पर नितिन नवीन और भजनलाल शर्मा ने पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया।
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की 200 से अधिक निकायों में जीत को लेकर पार्टी ने इसे जनता के समर्थन का प्रतीक बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दिया है। इस अवसर पर पंचायत चुनावों के प्रचार-प्रसार के लिए 90 रथ रवाना किए गए और चयनित नगरीय निकाय प्रमुखों को सम्मानित किया गया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राजस्थान के नगरीय निकायों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डबल इंजन सरकार को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि 200 से अधिक नगरीय निकायों में भाजपा को जीत मिली है। इस जीत का सेहरा भाजपा को मिला है और इसके साथ जनता की सेवा करने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।
नितिन नवीन ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के सपने के अनुरूप भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। भाजपा की लगातार जीत पर सवाल उठाने वाले विपक्ष को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में लगातार प्रो-इंकम्बेंसी क्यों होती है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी पूछते हैं कि भाजपा की सरकारें लगातार क्यों आती हैं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह गांव से लेकर कस्बों तक भाजपा सरकार की योजनाएं और विकास के रथ हैं।
उन्होंने कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दिल्ली से 1 रुपया चलता था और पूर्व प्रधानमंत्री और आपके पिताजी कहते थे कि मात्र 15 पैसा ही जनता तक पहुंचता था। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि दिल्ली से 1 रुपया चलेगा तो वह सीधे गरीब के खाते में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पास करवाकर माता-बहनों को उनका हक दिलाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि राजस्थान में वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं हो पाएगा, लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में निकायों का ट्रिपल इंजन जुड़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा की जीत से कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं और किस तरह की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि कांग्रेस ने बसपा के साथ क्या किया और लक्ष्मणगढ़ में प्रधान को बनने से कैसे रोका। उन्होंने कहा, “आप लोग समझ लें कि राजस्थान में कानून का राज चलेगा। आपकी मनमानी चलने वाली नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में सिमटती जा रही है और कुछ राज्यों में ही बची है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में वहां से भी साफ हो जाओगे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंचायत चुनावों में प्रचार-प्रसार के लिए 90 रथों को रवाना किया। साथ ही चयनित नगरीय निकाय प्रमुखों को सम्मानित किया गया। नगरीय निकायों में भाजपा की जीत के बाद पंचायत चुनावों के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत को पार्टी ने अपने आगामी राजनीतिक कार्यक्रम से जोड़ा है।