जयपुर में ‘एक आसमान, एक अधिकार’ प्रदर्शनी, पक्षियों की आजादी पर जोर
| सोने के पिंजरे के इंस्टालेशन से पक्षियों की कैद के साथ मानवीय स्वतंत्रता और जीवन में मौजूद अदृश्य बंधनों के मायनों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया है।
जयपुर में ‘एक आसमान, एक अधिकार’ प्रदर्शनी में पक्षियों व जीवन की आजादी का संदेश देती प्रस्तुति।
जयपुर। पक्षियों को पिंजरे में कैद करना उनकी प्राकृतिक स्वतंत्रता और जन्मसिद्ध अधिकारों का हनन है। इसी विचार को केंद्र में रखकर जयपुर में ‘एक आसमान, एक अधिकार’ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस अनूठी पहल के माध्यम से न केवल बेजुबान पक्षियों की आजादी का सवाल उठाया गया है, बल्कि मानवीय जीवन में स्वतंत्रता, आत्मिक सुकून और व्यक्तिगत अधिकारों के वास्तविक मायनों को भी प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण एक ऐसा इंस्टालेशन है, जो पक्षियों की प्राकृतिक आजादी और उन्हें शौक के लिए पिंजरों में कैद करने की मानसिकता के बीच अंतर को उजागर करता है। इसका केंद्रीय संदेश है कि प्रकृति ने पक्षियों को खुले आसमान में स्वतंत्र रूप से उड़ने के लिए बनाया है। ऐसे में उन्हें पालतू बनाकर पिंजरे में बंद करना उनकी प्राकृतिक स्वतंत्रता और उड़ने के जन्मसिद्ध अधिकार को छीनने जैसा है।
प्रदर्शनी में ‘गोल्डन पिंजरे’ यानी सोने के पिंजरे की प्रतीकात्मक प्रस्तुति भी विशेष रूप से रखी गई है। इसके जरिए मानवीय जीवन से जुड़े एक गहरे सत्य को सामने लाने का प्रयास किया गया है। यह प्रस्तुति उस भ्रामक और आरामदायक स्थिति को दर्शाती है, जिसमें भौतिक सुख-सुविधाएं और सुरक्षा तो उपलब्ध होती हैं, लेकिन व्यक्ति की अपनी मर्जी, आत्मिक सुकून और व्यक्तिगत आजादी पूरी तरह छिन जाती है।
इस तरह प्रदर्शनी पक्षियों की कैद के साथ-साथ इंसानी जीवन में मौजूद अदृश्य बंधनों पर भी सवाल खड़े करती है। इसका उद्देश्य दर्शकों को बेजुबान पक्षियों की स्वतंत्रता का सम्मान करने के लिए प्रेरित करने के साथ अपने जीवन में दिखावटी सुविधाओं और अदृश्य बंधनों से ऊपर उठकर वास्तविक आजादी और सुकून के मायने समझने पर विचार करने के लिए प्रेरित करना है। ‘एक आसमान, एक अधिकार’ की यह पहल स्वतंत्रता को केवल सुख-सुविधाओं से नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से जीवन जीने के अधिकार से जोड़कर देखने का संदेश देती है।