गणगौर जयपुर कला महोत्सव-2026 का शुभारंभ, 200 से अधिक कलाकार जुटे
| जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शिल्पग्राम में 150 से अधिक स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पारंपरिक कला व विरासत को मंच मिल रहा है।
जयपुर में 21 से 25 नवंबर तक चलने वाले पांच दिवसीय गणगौर कला महोत्सव के उद्घाटन समारोह का दृश्य।
जयपुर। गुलाबी नगरी की 300 वर्षों की सांस्कृतिक विरासत और समृद्ध कलात्मक परंपराओं की झलक अब एक ही मंच पर देखने को मिल रही है। जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में शनिवार को पांच दिवसीय ‘गणगौर जयपुर कला महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव में राजस्थानी लोककला, हस्तशिल्प, चित्रकला, मूर्तिशिल्प, डिजाइन और कलात्मक इंस्टॉलेशन्स के माध्यम से कला एवं संस्कृति के विविध रंग साकार हो रहे हैं।
निजी टीवी चैनल एवं ‘निजी’ समाचार पत्र के मुख्य तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में राजस्थान के महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की पारंपरिक कलाओं का संरक्षण, कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग के विभागाध्यक्ष रजत पंडेल तथा आयोजक की गरिमामयी भागीदारी रही। महोत्सव के कन्वीनर बृज मोहन चांदना ने बताया कि 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय उत्सव में 10 से अधिक राज्यों के 200 से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर 150 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां विभिन्न कलात्मक वस्तुओं और शिल्पकृतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
आगंतुक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक महोत्सव का अवलोकन कर सकेंगे। यहां पेंटिंग्स और कलाकृतियों की प्रदर्शनी के साथ उनकी बिक्री की भी व्यवस्था है। इसके अलावा दर्शकों को कलाकारों से सीधे संवाद करने और उनकी कला एवं रचनात्मक प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
कन्वीनर बृज मोहन चांदना ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रत्येक दो घंटे में विभिन्न लोक एवं शास्त्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन शनिवार, 21 नवंबर को सीमा मिश्रा की विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कला महोत्सव 25 नवंबर तक शिल्पग्राम में कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक विरासत से जुड़े कलाकारों तथा कला प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।