बीजेपी मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा जयपुर में पदयात्रा की घोषणा करते हुए।

जयपुर में गुरुवार, 5 नवंबर को भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भाजपा ने इस आयोजन के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के विरुद्ध जनजागरण का संदेश देने की तैयारी की है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा ने बताया कि देश में विपक्ष की ओर से एसआईआर और वोट चोरी के नाम पर लगातार जनता को गुमराह किया जा रहा है। इसी के विरोध में भाजपा गुरुवार को जयपुर में पदयात्रा आयोजित करेगी।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और जयपुर सांसद मंजू शर्मा शामिल होंगे। इनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।

रामलाल शर्मा के अनुसार, पदयात्रा गुरुवार सुबह 11 बजे जयपुर के रामलीला मैदान से शुरू होगी। यहां से कार्यकर्ता चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंचेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग के अनुसार, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया जाएगा। पदयात्रा में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होकर अभियान में भागीदारी निभाएंगे।

Tags: