तस्वीर में विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य सिर पर पावन कलश धारण किए हुए हवामहल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समरसता संकल्प अभियान की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ नजर आ रहे हैं।

संत शिरोमणि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के पावन उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत हवामहल विधानसभा क्षेत्र में रथ एवं कलश यात्रा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। आयोजन हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज के सानिध्य में हुआ।

विधायक स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने स्वयं सिर पर पावन कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। उन्होंने हवामहल विधानसभा क्षेत्र के पौंड्रिक एवं जलमहल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान सर्वसमाज के लोगों ने श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

पौंड्रिक मंडल के तत्वावधान में श्री ड्योढी बाजार स्थित गोविंद देव जी मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद कंवर नगर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर, सुभाष चौक स्थित श्री काले हनुमान मंदिर, गोविंद देव जी मंदिर के समीप स्थित गुरुद्वारा साहिब तथा चांदी की टकसाल स्थित श्री वाल्मीकि भगवान मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पावन कलश का पूजन-अर्चन और स्वागत किया गया।

वहीं, जलमहल मंडल के अंतर्गत मानबाग चौराहे पर पवित्र कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में सर्वसमाज के श्रद्धालुओं एवं प्रबुद्धजनों ने पावन कलश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

श्री वाल्मीकि भगवान मंदिर में वाल्मीकि समाज की ओर से श्रद्धापूर्वक कलश का पूजन-अर्चन किया गया। वहीं श्री गोरखनाथ जी महाराज एवं श्री गोगाजी महाराज के मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना कर सामाजिक समरसता एवं सर्वकल्याण की मंगलकामना की गई।

इस अवसर पर विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि संत रविदास जी महाराज का जीवन और उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव एवं मानव कल्याण की प्रेरणा देते हैं। ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से उनके संदेश को जन-जन एवं घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया जा रहा है।

यात्रा में सिख समाज, वाल्मीकि समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, श्रद्धालु तथा भाजपा हवामहल विधानसभा परिवार के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए। विभिन्न समाजों के धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं सम्मान प्राप्त करने से हवामहल में सर्वसमाज के सम्मान, सहभागिता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश और अधिक मजबूत हुआ।

विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हवामहल विधानसभा की पहचान सर्वसमाज के सम्मान, आपसी भाईचारे और समरसता से है तथा संत रविदास जी महाराज के विचारों को आत्मसात कर समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण करना सभी का सामूहिक दायित्व है।

Tags: