हनुमानगढ़ में पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर हेरोइन जब्त की.   

बीकानेर रेंज पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में कुल 13 किलो 953 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है। दोनों जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 38 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा, पिछले दो दिनों में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो कैन्टर से 1.42 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत की अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई है।

महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओम प्रकाश के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगढ़ के थाना गोलूवाला पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन, 1.85 लाख रुपये नकद और दो लग्जरी गाड़ियां जब्त कीं। वहीं, श्रीगंगानगर के थाना रावला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में एक थाना रावला के अभियोग संख्या 199/2025 में 20,000 रुपये का इनामी है, जबकि दूसरा बीकानेर जिले के खाजूवाला के अभियोग संख्या 240/2025 में 15,000 रुपये का इनामी है।

हनुमानगढ़ जिले में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और सिटी वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में रविवार, 18 अक्टूबर को कार्रवाई की गई। सीआईडी जोन श्रीगंगानगर से सूचना मिली थी कि थाना गोलूवाला क्षेत्र में दो संदिग्ध वाहन मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थानाधिकारी श्री जितेंद्र स्वामी ने पुलिस टीम के साथ तलाश शुरू की। इस दौरान रोही अयालकी में एमओडी नहर के पास दो वाहन खड़े मिले।

वाहनों की तलाशी लेने पर 19 पैकेट में कुल 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें हासम अली पुत्र शौकत अली (29), उसकी पत्नी रवीना (20) और मां गुलजारा (50), निवासी हांसलिया, थाना गोलूवाला, जिला हनुमानगढ़, तथा बलविंदर सिंह पुत्र कश्मीर सिंह (34), निवासी रायपुर गुजरां, थाना महतपुर, तहसील नकोदर, जिला जालंधर शामिल हैं। इस कार्रवाई में सीआईडी जोन श्रीगंगानगर के उपनिरीक्षक बंशीलाल और दीप चन्द की विशेष भूमिका रही।

श्रीगंगानगर जिले में थाना रावला पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन लेने पहुंचे दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा और अनूपगढ़ वृत्ताधिकारी जयप्रकाश बेनीवाल के सुपरविजन में रविवार, 18 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना सदर के कांस्टेबल कैलाश चन्द्र जाखड़ ने सूचना दी थी कि थाना रावला क्षेत्र के 365 हैड पर पंजाब के दो व्यक्ति पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन लेने आए हैं। दोनों व्यक्ति रेकी भी कर रहे थे और पंजाबी भाषा में बातचीत करते हुए बस का इंतजार कर रहे थे। सूचना के आधार पर रावला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों वहां से जाने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें दस्तयाब कर लिया।

जांच के दौरान जसविन्द्र सिंह पुत्र जागीर सिंह (40) और जसवन्त सिंह पुत्र नारायण सिंह (40), निवासी चालावली, थाना अरनीवाला, तहसील व जिला फाजिल्का, पंजाब, के कब्जे से आठ पैकेट में कुल 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल 1845 कैलाश जाखड़ की विशेष भूमिका रही।

हेरोइन तस्करी के मामलों के साथ बीकानेर रेंज पुलिस ने पिछले दो दिनों में शराब की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई की। बीकानेर जिले के थाना महाजन पुलिस ने 780 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे कैन्टर को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस शराब की अनुमानित कीमत 72 लाख रुपये बताई गई है।

इसी तरह, हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने 380 पेटी चंडीगढ़ निर्मित शराब से भरे कैन्टर को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। दोनों कार्रवाइयों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और शराब से भरे दो कैन्टर जब्त किए गए। जब्त अंग्रेजी शराब की कुल अनुमानित कीमत 1.42 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस गतिविधि में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सभी प्रकरणों में अग्रिम अनुसंधान जारी है। बीकानेर रेंज पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


Tags: