जयपुर नगर निगम पहुंचे भुवनेश्वर के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, महापौर सुनील कोठारी से हुई अहम मुलाकात
स्वच्छता अभियान, कचरा सेग्रीगेशन और नगरीय विकास के अनुभवों को साझा करने के लिए सात सदस्यीय दल ने जयपुर नगर निगम का किया दौरा।
जयपुर नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुनील कोठारी और भुवनेश्वर के जनप्रतिनिधि बैठक करते हुए।
जयपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली, स्वच्छता अभियानों और नगरीय विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी लेने के लिए भुवनेश्वर से आए सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुनील कोठारी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नगर निगमों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक चुनौतियों और विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।
नगर निगम जयपुर के पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड स्थित मुख्यालय में 4 नवम्बर 2026 को हुई इस मुलाकात के दौरान महापौर सुनील कोठारी ने भुवनेश्वर से आए उपमहापौर सहित पार्षद प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, वित्तीय सलाहकार और उपायुक्त (स्वास्थ्य) ओम थानवी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान भुवनेश्वर नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने वहां की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी साझा की। साथ ही निगम के कामकाज में सामने आ रही चुनौतियों से भी महापौर को अवगत कराया।
इसके जवाब में महापौर सुनील कोठारी ने जयपुर नगर निगम की ओर से संचालित विभिन्न कार्यों और अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने निगम के प्लांट, कचरा सेग्रीगेशन, सीवरेज व्यवस्था, नगरीय विकास कर तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों के बारे में प्रतिनिधिमंडल को विस्तार से बताया। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से चलाए गए विभिन्न अभियानों की जानकारी भी साझा की।
भुवनेश्वर से आए प्रतिनिधिमंडल में उपमहापौर मंजु लता के साथ पार्षद रमाचंद्रा, अपारूपा, जशोधरा प्रधान, सुचित्रा पात्रा, लक्ष्मी प्रिया और गीतांजली साहु शामिल रहे। इस मुलाकात के माध्यम से जयपुर और भुवनेश्वर नगर निगमों के बीच शहरी प्रशासन, स्वच्छता और नगरीय विकास से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।