धनतेरस 2026: ब्यावर के बाजारों में उमड़ी भीड़, सोने-चांदी के साथ वाहनों की जमकर खरीदारी
पंच पर्व के पहले दिन ब्यावर में बर्तन, आभूषण और बही-खातों की मांग बढ़ी; नए वाहनों के पूजन के लिए गणपति मंदिर में लगी कतारें।
धनतेरस पर ब्यावर के गणपति मंदिर परिसर में नए वाहनों का पूजन कराते श्रद्धालु।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। भारतीय संस्कृति और परंपरा के विराट उत्सव पंच पर्व का शुक्रवार को धन त्रयोदशी यानी धनतेरस के साथ शुभारंभ हुआ। धनतेरस के अवसर पर ब्यावर के बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी और शहर के प्रमुख बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे।
पंच पर्व के तहत धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, गोवर्धन पूजन और भैया दूज का आयोजन होता है। पर्व की शुरुआत के साथ ही बाजारों में खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने धनतेरस पर स्वर्ण और रजत धातु के आभूषणों के साथ स्टील के बर्तनों की खरीदारी की। वहीं, महालक्ष्मी पूजन की तैयारियों के तहत बही और कलम की भी खरीद की गई।
सूरजपोल गेट के बाहर स्थित श्री प्रसन्न गणपति मंदिर में नए दुपहिया और चौपहिया वाहनों सहित अन्य श्रेणी के वाहनों के पूजन के लिए कतार लगी रही। धनतेरस पर वाहन खरीदने वाले लोगों ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजन कराया।
दीपावली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में आकर्षक विद्युत सजावट भी की गई है। चांग गेट व्यापार एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं की ओर से बाजारों में मनमोहक विद्युत सज्जा की गई है। धनतेरस के साथ शुरू हुए पंच पर्व के पहले दिन बाजारों में खरीदारी और सजावट का उत्साह देखने को मिला।