बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस का नवसारी में ठहराव मंजूर, देखें टाइमिंग
उत्तर पश्चिम रेलवे ने 22933/22934 बान्द्रा-जयपुर एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का फैसला किया है, जिससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
बान्द्रा टर्मिनस–जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने इस ट्रेन का गुजरात के नवसारी स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। नई सुविधा से नवसारी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जयपुर तथा बान्द्रा टर्मिनस की ओर आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 22933 बान्द्रा टर्मिनस–जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर ठहराव 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन नवसारी स्टेशन पर रात्रि 20:08 बजे पहुंचेगी और 20:10 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 22934 जयपुर–बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को 28 अक्टूबर 2026 से नवसारी स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। यह ट्रेन नवसारी स्टेशन पर रात्रि 02:44 बजे पहुंचेगी और 02:46 बजे रवाना होगी।
रेलवे ने नवसारी स्टेशन पर यह ठहराव प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक देने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही, नवसारी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, जिससे जयपुर और बान्द्रा टर्मिनस की ओर रेल यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।