भारत-जापान चौथी टू प्लस टू वार्ता टोक्यो में, राजनाथ सिंह और जयशंकर लेंगे हिस्सा
| दोनों देश रक्षा उपकरण, समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा करेंगे।
टोक्यो में चौथी टू प्लस टू वार्ता के दौरान रक्षा व रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे भारत और जापान।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से चौथी टू प्लस टू वार्ता इस सप्ताह टोक्यो में आयोजित होगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शामिल होंगे। वहीं, जापान का प्रतिनिधित्व रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमत्सु मोतेगी करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि वार्ता के दौरान दोनों देश रक्षा और रणनीतिक सहयोग के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। बैठक में दोनों देश स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता भी दोहराएंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर टोक्यो पहुंचेंगे। जापान के रक्षा मंत्री के साथ इस वर्ष यह उनकी तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेताओं की अगस्त में दिल्ली में और अक्तूबर में सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान मुलाकात हुई थी।
टू प्लस टू वार्ता में रक्षा उपकरणों और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साथ समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यास और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य भारत-जापान के रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा सैन्य संचालन और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य की रूपरेखा तैयार करना है। ऐसे में टोक्यो में होने वाली यह उच्चस्तरीय वार्ता दोनों देशों के रणनीतिक और रक्षा सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।