दुबई में 35 अरब डॉलर की लागत से बन रहा अल मकतूम एयरपोर्ट हर साल 26 करोड़ यात्रियों को संभालेगा। 

दुबई में विमानन क्षेत्र की तस्वीर बदलने की तैयारी है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जिसका आकार और सुविधाएं इसे किसी हवाई अड्डे के बजाय विमानों का शहर बना देंगी। अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Al Maktoum International Airport) नाम से विकसित हो रहे इस विशाल एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 26 करोड़ होगी। यहां पांच समानांतर रनवे और 400 एयरक्राफ्ट गेट बनाए जाएंगे।

दुबई सरकार की योजना के मुताबिक, यह एयरपोर्ट न केवल दुबई में बढ़ती हवाई यातायात की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि दुनिया में एविएशन इनोवेशन का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। यहां आधुनिक स्मार्ट एयरपोर्ट सिस्टम और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर तकनीक विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक तरीके से दुनिया भर के गंतव्यों तक पहुंचाया जा सकेगा।

एयरपोर्ट के वेस्ट टर्मिनल का इस्तेमाल यात्रियों के आगमन और प्रस्थान के लिए होगा। इसमें फर्स्ट, बिजनेस और इकोनॉमी क्लास के यात्रियों के लिए अलग-अलग हॉल बनाए जाएंगे। पूरी तरह तैयार होने के बाद इस एयरपोर्ट से हर साल 26 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे। इसकी तुलना में मौजूदा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने वर्ष 2025 में 9.52 करोड़ यात्रियों को संभाला था। नए एयरपोर्ट को सालाना 1.2 करोड़ टन कार्गो यानी माल के परिवहन के लिए भी डिजाइन किया गया है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 128 अरब दिरहम खर्च होंगे, जो करीब 35 अरब डॉलर के बराबर हैं। भारतीय मुद्रा में इसकी लागत लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये होगी।

दुबई में 2005 से ही अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में कई चरणों में किया जा रहा है। यहां कार्गो परिचालन की शुरुआत 2010 में हुई थी, जबकि पैसेंजर फ्लाइट्स 2013 में शुरू हुईं। इसके बाद दुबई सरकार ने वर्ष 2024 में 35 अरब डॉलर के मौजूदा विस्तार कार्यक्रम को मंजूरी दी।

परियोजना का पहला चरण 2032 में शुरू होगा। इस चरण में एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 15 करोड़ होगी। इसके पूरी तरह विकसित होने के बाद यह हर साल 26 करोड़ यात्रियों और 1.2 करोड़ टन कार्गो को संभाल सकेगा।

करीब 70 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह एयरपोर्ट मौजूदा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग पांच गुना बड़ा होगा। इसके आकार की तुलना भारत के हावड़ा शहर से की जा सकती है। दुबई के इस नए एयरपोर्ट का क्षेत्रफल करीब 70 वर्ग किलोमीटर होगा, जबकि हावड़ा नगर निगम का क्षेत्रफल लगभग 63.55 वर्ग किलोमीटर है।

एयरपोर्ट के चारों कॉनकोर्स में से प्रत्येक की लंबाई 2.7 किलोमीटर होगी। हर कॉनकोर्स में 100 बोर्डिंग गेट बनाए जाएंगे। इस तरह चारों कॉनकोर्स में कुल 400 कॉन्टैक्ट गेट होंगे। विमानों की आवाजाही के लिए पांच समानांतर रनवे तैयार किए जाएंगे, जो इस परियोजना की प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं।

यात्रियों के सामान की आवाजाही के लिए यहां अत्याधुनिक अंडरग्राउंड बैगेज सिस्टम भी बनाया जाएगा। इसकी क्षमता हर घंटे 30,000 बैग प्रोसेस करने की होगी। वहीं, यात्रियों को टर्मिनल और कॉनकोर्स के बीच आने-जाने की सुविधा देने के लिए एयरपोर्ट के नीचे 14 स्टेशनों वाली ऑटोमेटेड ट्रेन चलाई जाएगी। इससे यात्री कम समय में और आसान रास्ते से अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट तक पहुंच सकेंगे।

पांच समानांतर रनवे, 400 कॉन्टैक्ट गेट, अत्याधुनिक बैगेज सिस्टम और भूमिगत ऑटोमेटेड ट्रेन जैसी सुविधाओं के साथ अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुबई की अब तक की सबसे बड़ी विमानन परियोजनाओं में शामिल है। पूरी क्षमता के साथ परिचालन शुरू होने पर यह सालाना 26 करोड़ यात्रियों और 1.2 करोड़ टन माल के परिवहन की व्यवस्था वाला विशाल अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र बनेगा।