मिस्र के गीजा स्थित जिल अल-वराक क्षेत्र की रिंग रोड पर तेल टैंकर पलटने के बाद लगी आग के घटनास्थल पर बचाव अभियान और जांच जारी है|

मिस्र की राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में स्थित एक मुख्य रिंग रोड पर तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद भयानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 31 लोगों की जान चली गई है, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दुर्घटना ग्रेटर काहिरा क्षेत्र के गीजा स्थित घनी आबादी वाले जिल अल-वराक इलाके में हुई है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार और बाइक मिलाकर कुल 27 गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

कैसे हुआ यह भयानक हादसा?

मिस्र के सरकारी मीडिया और अल-अहराम अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तेल टैंकर एक निजी ठेकेदार (प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर) का था। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जब टैंकर हाईवे से गुजर रहा था, तभी अचानक उसके ठीक सामने एक हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया। इस वजह से टैंकर के ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण छूट गया और टैंकर सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार करते हुए पलट गया।

टैंकर के पलटते ही उसमें भरा पेट्रोल सड़क पर तेजी से फैल गया और देखते ही देखते उसने भीषण आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास गुजर रहे दूसरे वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।

जलती गाड़ियों में फंसे लोग, घटनास्थल पर अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद मौके पर बेहद डरावना और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समाचार एजेंसी से बात करते हुए एक चश्मदीद ने बताया कि आग लगते ही कई लोग अपनी गाड़ियों के अंदर ही फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। उन्होंने अपनी आंखों से जलती हुई गाड़ियों से 8 शव बाहर निकलते देखे।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी तबाही का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है, जहां पूरी सड़क पर जली हुई कारें, बाइक और बिखरा हुआ मलबा नजर आ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचीं। एक तरफ फायरकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे, तो दूसरी तरफ बचावकर्मी वाहनों में फंसे पीड़ितों को बाहर निकालते रहे।

राहत कार्य जारी, पहचान के लिए लिए जाएंगे डीएनए सैंपल

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि राहत और बचाव अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस तैनात की गईं। देश के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौतों की यह संख्या अभी शुरुआती है और इसमें बढ़ोतरी होने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में हुए कुल नुकसान और हताहतों की संख्या का आकलन अभी जारी है। आग में बुरी तरह झुलस जाने के कारण जिन मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, उनकी शिनाख्त के लिए प्रशासन ने डीएनए (DNA) सैंपल लेने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और घायलों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।