पश्चिम रेलवे के वाणिज्य कर्मचारियों से प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक का सीधा संवाद, उत्कृष्ट कार्य पर 3 अधिकारी और 32 कर्मचारी सम्मानित
पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण जैन ने 8 अगस्त 2026 को अहमदाबाद में वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के साथ “संवाद” कार्यक्रम किया। पैसेंजर मार्केटिंग, टिकटिंग, आरक्षण, कैटरिंग और राजस्व वृद्धि पर चर्चा हुई। उत्कृष्ट कार्य के लिए 3 अधिकारियों और 32 कर्मचारियों को ‘मेरिट सर्टिफिकेट’ से सम्मानित किया गया।
पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तरुण जैन ने अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को 'मेरिट सर्टिफिकेट' प्रदान किया।
अहमदाबाद, 8 अगस्त 2026। पश्चिम रेलवे के वाणिज्य विभाग में कार्यरत रेल कर्मचारियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 8 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में “संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण जैन ने किया। पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों से वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पैसेंजर मार्केटिंग, टिकट बुकिंग, आरक्षण, टिकट चेकिंग, कैटरिंग तथा राजस्व वृद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। फील्ड स्तर पर नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यकुशलता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बुकिंग क्लर्क, रिजर्वेशन क्लर्क, कमर्शियल सुपरवाइजर, कमर्शियल इंस्पेक्टर, टिकट चेकिंग स्टाफ, कैटरिंग स्टाफ सहित वाणिज्य विभाग के विभिन्न कर्मचारियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और कार्यानुभव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला।
“संवाद” कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यालय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों और मंडल स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के बीच सीधा एवं प्रभावी संवाद स्थापित करना, कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को समझना तथा यात्री सेवाओं एवं वाणिज्यिक कार्यों में और अधिक सुधार के लिए सुझाव प्राप्त करना रहा। इस दौरान कर्मचारियों से प्राप्त फील्ड स्तर के अनुभवों और सुझावों के माध्यम से कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 3 अधिकारियों एवं 32 कर्मचारियों को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण जैन ने ‘मेरिट सर्टिफिकेट’ प्रदान कर सम्मानित किया। पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों से चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्य, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
सम्मानित अधिकारियों में श्रीमती नीला देवी झाला, डीसीएम–भावनगर, श्री हाफिज खान, एसीएम–अहमदाबाद तथा श्री गौरव जैन, एसीएम–वडोदरा शामिल हैं। वहीं अहमदाबाद मंडल के कर्मचारियों में श्री राहुल ग्रोवर, श्री गिरीश रावल, श्री मयूर सिंह राजपूत, श्री विजय दत्त, श्रीमती शीतल जैन, श्री निलेश जानी, श्री कुणाल मावता, श्री सुरेन्द्र सिंह तथा श्री जोगाराम को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मण्डल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. अंकुर देसाई, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री संजय यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री यजुष आचार्य सहित पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। “संवाद” कार्यक्रम वरिष्ठ अधिकारियों एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्य संबंधी चुनौतियों को समझने तथा यात्री सेवाओं एवं वाणिज्यिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।