जुलाई 2026 में पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल ने रचा इतिहास, ₹763 करोड़ राजस्व और 16 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का रिकॉर्ड

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जुलाई 2026 में ₹763 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। गांधीधाम ने 16 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का रिकॉर्ड बनाया और कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज कीं।

Update: 2026-08-01 11:15 GMT

तस्वीर में रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी कंटेनर लादकर आगे बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जुलाई 2026 के दौरान वाणिज्यिक, परिचालन, व्यवसाय विकास (BDU), गैर-किराया राजस्व, पार्सल व्यवसाय, टिकट जांच और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज करते हुए कुल ₹763 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने इस उपलब्धि पर वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

जुलाई 2026 के वित्तीय और वाणिज्यिक प्रदर्शन में अहमदाबाद मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। माल भाड़ा आय ₹584.48 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के ₹553.50 करोड़ की तुलना में 5.60 प्रतिशत अधिक है। यात्री आय ₹147.05 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के ₹144.72 करोड़ से 1.61 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई। अन्य कोचिंग (OCH) आय ₹22.00 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के ₹16.67 करोड़ से 31.97 प्रतिशत अधिक रही। पार्सल आय ₹7.16 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के ₹6.64 करोड़ की तुलना में 7.83 प्रतिशत अधिक रही। टिकट चेकिंग से ₹2.10 करोड़ की आय हुई, जो पिछले वर्ष के ₹1.60 करोड़ से 31.25 प्रतिशत अधिक रही। वहीं नालिया फ्रेट टर्मिनल (NLY) ने ₹3.96 करोड़ का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक माल भाड़ा राजस्व अर्जित किया।



 परिचालन विभाग ने भी माल परिवहन और ट्रेन संचालन में कई नए कीर्तिमान स्थापित किए। जुलाई 2026 में औसतन 2,908.84 वैगन प्रतिदिन, यानी कुल 4.50 मिलियन टन माल का लदान हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में वजन के आधार पर 7.58 प्रतिशत अधिक रहा। वैगन टर्नअराउंड (WTR) में 13.33 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया। प्रमुख वस्तुओं में कोयले की लदान 138.81 वैगन प्रतिदिन रही, जिसमें 123.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उर्वरक की लदान 603.97 वैगन प्रतिदिन रही, जो 39.43 प्रतिशत अधिक रही। नमक की लदान 315.03 वैगन प्रतिदिन रही, जिसमें 11.88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। गांधीधाम क्षेत्र में औसतन 2,267.26 वैगन प्रतिदिन की लदान हुई, जो 10.85 प्रतिशत अधिक रही।

गांधीधाम क्षेत्र ने 29 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 16 लॉन्ग हॉल ट्रेनें संचालित कर सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया। पूरे जुलाई 2026 के दौरान कुल 385 लॉन्ग हॉल ट्रेनें चलाई गईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1227.58 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि को दर्शाती हैं। इंटरचेंज प्रदर्शन के तहत औसतन 202.03 ट्रेन प्रतिदिन का इंटरचेंज दर्ज किया गया, जबकि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पॉइंट पर औसतन 95.25 ट्रेन प्रतिदिन का संचालन हुआ, जो 9.96 प्रतिशत अधिक रहा।

व्यवसाय विकास इकाई (BDU) के माध्यम से रेलवे ने नए ग्राहकों और व्यापार को जोड़ने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की। होंडा (HMSI) के विट्ठलपुर स्थित प्लांट का दौरा कर प्रतिदिन 7,500 से अधिक ऑटोमोबाइल और स्कूटरों को रेल मार्ग से परिवहन करने की योजना पर चर्चा की गई। कलोल-गांधीनगर सेक्शन पर आदरज मोटी और गोपालपुर को नए आवक एवं जावक गुड्स तथा पार्सल ट्रैफिक के लिए खोला गया। कोटा, रंगिया, नागपुर, दिल्ली, जयपुर और भावनगर मंडलों के लिए कोयला, उर्वरक, मिश्रित सामग्री और कंटेनर रेक भेजे गए। मारुति सुजुकी जीसीटी, बेचराजी (MSIB) से मेसर्स सुशीला ट्रांसपोर्ट के साथ मेलपक्कम के लिए नया ऑटोमोबाइल यातायात शुरू किया गया, जिससे ₹36.25 लाख का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।

गैर-किराया राजस्व (NFR) बढ़ाने के लिए भी मंडल ने कई कदम उठाए। साबरमती, कलोल, अहमदाबाद और पालनपुर में ई-ऑक्शन और विज्ञापनों के माध्यम से नए अनुबंध किए गए। साबरमती और अहमदाबाद स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में रेडियो टैक्सी और कैब सेवाओं के लिए कुल ₹1.34 करोड़ के तीन वर्षीय अनुबंध प्रदान किए गए। गांधीधाम में C&W यार्ड और गुड्स शेड की सफाई के लिए ₹2.12 करोड़ का तीन वर्षीय अनुबंध किया गया। सामान्य ट्रेनों में ट्रेन साइड वेंडिंग (TSV) शुरू की गई। विसनगर में पार्किंग तथा असरवा में पे-एंड-यूज शौचालय के रखरखाव का अनुबंध आवंटित किया गया। 'वन स्टेशन वन प्रोडक्ट' (OSOP) के तहत साबरमती में नई इकाई जोड़े जाने के बाद मंडल में इसकी कुल संख्या 18 हो गई। सात पार्सल संपत्तियों को तीन वर्षों के लिए लीज पर दिया गया, जिससे ₹14.87 करोड़ का अनुमानित राजस्व प्राप्त होगा, जबकि चालू वित्त वर्ष में ₹3.31 करोड़ का अनुमानित राजस्व मिलेगा।

यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में अहमदाबाद मंडल को अपनी पहली अमृत भारत रेक प्राप्त हुई, जिसे 6 जुलाई 2026 से ट्रेन संख्या 09425/09426 साबरमती-हरिद्वार स्पेशल के रूप में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 56 फेरे विशेष ट्रेनें चलाई गईं और 308 अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए, जिससे लगभग 0.85 लाख यात्रियों को सुविधा मिली तथा ₹7.39 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ। टिकट जांच अभियान के दौरान जुलाई माह में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले लगभग 25,000 यात्रियों से ₹2.10 करोड़ का जुर्माना वसूला गया। 11 विशेष फोर्ट्रेस चेकिंग अभियानों के दौरान ₹14.90 लाख की वसूली की गई। स्वच्छता बनाए रखने के लिए एंटी-लिटरिंग अभियान के तहत धारा 198 में लगभग 1,200 मामले दर्ज कर ₹3.40 लाख का जुर्माना भी वसूला गया।

मंडल ने जुलाई 2026 में कई अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी दर्ज कीं। 31 जुलाई 2026 को मंडल के इतिहास में पहली बार वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से सूरत से अहमदाबाद के बीच विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एक 'लाइव हार्ट' सुरक्षित पहुंचाया गया, जिससे एक मरीज का जीवन बचाया जा सका। नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में DRM अहमदाबाद ने iCreate का दौरा कर रेलवे में एआई, ड्रोन और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस के उपयोग के लिए स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया। 12 जुलाई को 10 प्रमुख स्थानों पर 8 लाख से अधिक पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ मेगा वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।

भारी बारिश और जलभराव की स्थिति में अहमदाबाद मंडल ने ट्रेनों को रद्द करने के बजाय 27 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इसके साथ ही अहमदाबाद, मेहसाणा, ध्रांगध्रा और विरमगाम स्टेशनों पर प्रभावित यात्रियों को भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया गया। जुलाई 2026 के दौरान दर्ज ये उपलब्धियां पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता, राजस्व वृद्धि, यात्री सेवा, व्यवसाय विस्तार और आपदा प्रबंधन की समन्वित कार्यशैली को दर्शाती हैं।

Tags:    

Similar News