सामाखियाली–भचाऊ रेलखंड पर चौहरीकरण पूरा, कच्छ में माल परिवहन और ट्रेन संचालन को मिलेगी नई रफ्तार

सामाखियाली–भचाऊ रेलखंड पर चौहरीकरण परियोजना पूरी होने के बाद कच्छ की रेल कनेक्टिविटी, माल परिवहन और ट्रेन संचालन को नई गति मिलने जा रही है। स्पीड ट्रायल सफल रहा है और अब रेलवे सुरक्षा आयुक्त की अंतिम मंजूरी के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर परिचालन शुरू होगा।

Update: 2026-07-31 12:31 GMT

तस्वीर में सामाखियाली-भचाऊ रेलखंड पर रेलवे ट्रैक और निर्माण कार्य के दौरान मौजूद अधिकारी व कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं।

भारतीय रेलवे ने रेल अवसंरचना विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल अंतर्गत सामाखियाली–भचाऊ रेलखंड पर चौहरीकरण (Quadrupling) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश 31 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक इस रेलखंड का निरीक्षण कर रहे हैं। परियोजना के तहत 30 जुलाई 2026 को सामाखियाली–भचाऊ के बीच नव विकसित अप और डाउन रेल लाइन पर लोकोमोटिव इंजन का सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया। लगभग 17 किलोमीटर लंबे इस नए विकसित सेक्शन पर सफल इंजन ट्रायल को परियोजना की प्रगति का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।



 इस रेलखंड का निरीक्षण शीघ्र ही रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा किया जाएगा। निरीक्षण के बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त की अंतिम स्वीकृति मिलने पर इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। इस उपलब्धि से कच्छ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी, माल परिवहन क्षमता तथा परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

परियोजना के अंतर्गत कुल 32.90 किलोमीटर लंबाई में नई रेल लाइन विकसित की गई है, जिसमें 16.398 किलोमीटर डाउन लाइन तथा 16.502 किलोमीटर अप लाइन शामिल है। पूरे 32.90 किलोमीटर क्षेत्र में नए ट्रैक बिछाने और लिंकिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद 6.25 लाख घनमीटर अर्थवर्क, 1.27 लाख घनमीटर ब्लैंकेटिंग तथा 0.96 लाख घनमीटर बैलेस्ट बिछाने का कार्य पूरा किया गया। भारी रेल यातायात को ध्यान में रखते हुए 4 बड़े (Major) पुल और 25 छोटे (Minor) पुलों का निर्माण किया गया। सामाखियाली, वोंध और भचाऊ स्टेशनों पर आवश्यक रेलवे अवसंरचना का विस्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त चार रेल लाइनों के अनुरूप 9 लेवल क्रॉसिंग (समपार फाटकों) का भी विस्तार किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने कहा कि पश्चिम रेलवे अपने रेल नेटवर्क को अधिक सक्षम, सुरक्षित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में अहमदाबाद मंडल के सामाखियाली–भचाऊ रेलखंड पर चौहरीकरण परियोजना पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कच्छ क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे रेल यातायात के दबाव को कम करने तथा बंदरगाह आधारित माल परिवहन को अधिक सरल और तेज बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

सामाखियाली–भचाऊ रेलखंड कच्छ के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ कांडला और मुंद्रा बंदरगाहों को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रेलखंड के माध्यम से भुज, गांधीधाम, वायोर तथा आसपास के क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर माल परिवहन किया जाता है।

वर्तमान में इसी रेलखंड के माध्यम से अहमदाबाद मंडल का सर्वाधिक ग्रॉस मिलियन टन (GMT) लोडिंग परिवहन होता है। लगातार बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए इस मार्ग पर अतिरिक्त रेल लाइनों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। चौहरीकरण कार्य पूरा होने से इस रेलखंड की लाइन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

परियोजना के पूरा होने से ट्रेनों की औसत गति में वृद्धि होगी, परिचालन संबंधी विलंब कम होगा तथा व्यस्त समय के दौरान रेल यातायात का अधिक प्रभावी प्रबंधन संभव हो सकेगा। इसके साथ ही भविष्य में नई यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के संचालन तथा अतिरिक्त फेरों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

परियोजना पूरी तरह से चालू होने के बाद कांडला और मुंद्रा बंदरगाहों से कंटेनर, पेट्रोलियम उत्पाद, उर्वरक, अनाज, नमक तथा अन्य विभिन्न प्रकार के माल के परिवहन को नई गति मिलेगी। मालगाड़ियों का टर्नअराउंड समय घटेगा, वैगनों का अधिक प्रभावी उपयोग होगा तथा लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी, जिससे उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

यह परियोजना कच्छ क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश को भी प्रोत्साहित करेगी। वाणिज्यिक संचालन शुरू करने से पहले आवश्यक सुरक्षा स्वीकृति, अंतिम निरीक्षण तथा निर्धारित गति परीक्षण से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी।

Tags:    

Similar News