तस्वीर में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य रेलवे अधिकारी कोटा-विक्रमगढ़ आलोट सेक्शन के रेलवे ट्रैक और यार्ड उपकरणों का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने कोटा मंडल के दो दिवसीय निरीक्षण के दूसरे दिन कोटा–विक्रमगढ़ आलोट सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और रेल विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग में आने वाले स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने रामगंज मंडी, भवानी मंडी, सुवासरा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन मास्टर परिचालन कक्ष, टिकट बुकिंग कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पोर्च, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न स्थानों की व्यवस्थाएं देखीं।

उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही भविष्य में तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण की संभावनाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर मंदसौर के सांसद श्री सुधीर कुमार गुप्ता और विधायक श्री हरदीप सिंह डंग से महाप्रबंधक ने मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र से संबंधित रेल सुविधाओं और विकास कार्यों पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने नई ट्रेनों की सुविधा, ट्रेनों के ठहराव, नए स्टेशन भवन, रोड ओवर ब्रिज (ROB), फुट ओवर ब्रिज (FOB) सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े विषय महाप्रबंधक के समक्ष रखे।

महाप्रबंधक ने विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के यार्ड में मोटराइज्ड क्रॉसओवर प्वाइंट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसके संचालन, विफलता और रखरखाव से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वापसी के दौरान रामगंज मंडी से रावतभाटा रोड स्टेशन के बीच मालगाड़ी में यूबीए कवच तकनीक का भी निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने इसकी कार्यप्रणाली और परिचालन में उपयोगिता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास, पुनर्विकास और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को गति के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाओं और आधुनिक तकनीक का लाभ जल्द मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री सौरभ मिश्रा सहित सभी शाखाधिकारी एवं संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा की ओर से यह जानकारी दी गई।

Tags: