तस्वीर में अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) वेद प्रकाश और अन्य अधिकारी कलोल स्टेशन पर निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने शनिवार को अहमदाबाद–कलोल–मेहसाणा–पाटन–भिलड़ी–पालनपुर रेलखंड एवं इस मार्ग के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

कलोल स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान DRM श्री वेद प्रकाश ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, सामान्य एवं वातानुकूलित प्रतीक्षालय, PRS काउंटर, रेस्ट रूम, रिटायरिंग रूम तथा स्टेशन की छतों पर लगाए गए सौर ऊर्जा पैनलों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज (FOB) के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कलोल रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य प्रगति पर है।

मेहसाणा स्टेशन पर DRM श्री वेद प्रकाश ने विभिन्न प्लेटफॉर्म का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा स्टेशन परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पाटन स्टेशन पर DRM ने स्टेशन भवन के दोनों ओर का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज के कार्य की समीक्षा की। लगभग 12 मीटर (40 फीट) चौड़े इस FOB में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रतीक्षालय, स्टेशन मास्टर कार्यालय और विभिन्न प्लेटफॉर्म का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं के संबंध में जानकारी साझा की।


 


भिलड़ी स्टेशन पर DRM श्री वेद प्रकाश ने दोनों प्रतीक्षालयों, शौचालयों, निर्माणाधीन रनिंग रूम, लॉबी, रिटायरिंग रूम, प्लेटफॉर्म संख्या 1, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 तथा SSE कार्यालय, कंट्रोल एवं स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान DRM श्री वेद प्रकाश ने स्थानीय दुकानदारों एवं लोगों से भी सहज संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं और स्थानीय व्यापार से जुड़े विषयों की जानकारी ली। साथ ही स्टेशन परिसर में दुकानों एवं यात्रियों की सुविधा से जुड़े संभावित विकास को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा की। स्थानीय दुकानदारों ने स्टेशन पर बेहतर सुविधाओं एवं व्यवस्थित विकास का स्वागत किया।

पालनपुर स्टेशन पर DRM श्री वेद प्रकाश ने रिटायरिंग रूम, प्रतीक्षालयों और सभी प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर स्थित पोस्ट ऑफिस का भी दौरा किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर डाक के आगमन, संग्रहण एवं वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पालनपुर के विधायक श्री अनिकेत ठाकर के साथ बैठक भी आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र में रेल सुविधाओं एवं अधोसंरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से RUB, LC एवं ROB से संबंधित विकास कार्यों तथा क्षेत्र की यात्री आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया गया।

निरीक्षण के दौरान DRM श्री वेद प्रकाश के साथ अहमदाबाद मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर किए गए इस निरीक्षण में यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा प्रमुख रूप से केंद्र में रही।

Tags: