वडोदरा मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 की शुरुआत, DRM ने दिलाई शपथ
अभियान के तहत 2,650 लोगों ने शपथ ली, सफाई मित्रों के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए और हेरिटेज पार्क में पौधे लगाए गए।
तस्वीर में वडोदरा स्टेशन पर स्वच्छता अभियान के दौरान पैदल मार्च और सफाई करते रेल अधिकारी दिख रहे हैं।
वडोदरा मंडल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा–2026’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत वडोदरा रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता और जनभागीदारी कार्यक्रम के साथ हुई। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी, रेलकर्मी, हाउसकीपिंग स्टाफ, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस के सदस्यों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नेतृत्व में निकाली गई स्वच्छता रैली से हुई। रैली के दौरान स्वच्छता संबंधी नारों के जरिए यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली के मार्ग पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। वडोदरा स्टेशन के कॉन्कोर्स एवं सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष गहन स्वच्छता अभियान के तहत अधिकारियों, रेलकर्मियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, सिविल डिफेंस तथा हाउसकीपिंग स्टाफ ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन सफाई की। सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों ने आवश्यक सफाई किट, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE), मास्क एवं ग्लव्स का उपयोग किया।
इसके बाद स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें स्वच्छता बनाए रखने, कचरा नहीं फैलाने, उचित अपशिष्ट निस्तारण तथा जनभागीदारी के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
वडोदरा स्टेशन के सैलून साइडिंग क्षेत्र में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पिछले 15 दिनों के दौरान वडोदरा मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। अभियान के दौरान 2,650 लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली, जबकि SHS Portal पर 1,368 CTUs की पहचान कर उन्हें बंद किया गया। करीब 32.15 मीट्रिक टन कचरा एकत्रित कर उसका पृथक्करण (Segregation) किया गया।
अभियान के तहत CTU Transformation, स्टेशन एवं कोच शौचालयों की सफाई, जनभागीदारी, प्लास्टिक मुक्त गतिविधियाँ, जल निकायों की सफाई, विरासत स्थलों की स्वच्छता, रीसाइक्लिंग तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस दौरान 7 ‘SafaiMitra Suraksha Seva Camps’ लगाए गए। इनमें 90 सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई, 103 PPE किट वितरित की गईं तथा 44 सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। स्वच्छता विषय पर आयोजित निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को DRM/BRC द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की स्थायी आदत बनाना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यस्थल के साथ-साथ अपने घर और आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ एवं हरित रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सामूहिक जिम्मेदारी एवं निरंतर प्रयासों के माध्यम से स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण का आह्वान किया।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ प्रतापनगर हेरिटेज पार्क में वृक्षारोपण किया। वृक्षारोपण के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को भी मजबूत किया गया।
वडोदरा मंडल के इस कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी एवं सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश को आगे बढ़ाया गया। मंडल ने सभी रेलकर्मियों, यात्रियों एवं संबंधित हितधारकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की स्थायी आदत बनाने तथा रेलवे परिसरों, कार्यालयों, घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित रखने की अपील की।