वडनगर रेलवे स्टेशन पर डीआरएम वेद प्रकाश ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, 76 पौधों का होगा पौधारोपण
वडनगर रेलवे स्टेशन पर डीआरएम वेद प्रकाश ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और रेल संरक्षा का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर 76 दिव्यांग खिलाड़ी 76 पौधों का पौधारोपण करेंगे।
तस्वीर में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश और अन्य अधिकारी वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।
अहमदाबाद, 16 सितंबर 2026। मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने 16 सितंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और आगामी कार्यक्रम को लेकर की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उंझा के विधायक श्री के.के. पटेल, महेसाणा जिला प्रभारी एवं पूर्व महापौर, वडोदरा श्री भरतभाई डांगर और महेसाणा जिला महामंत्री श्री कमलभाई पटेल सहित जनप्रतिनिधि तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को वडनगर रेलवे स्टेशन पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत होगा।
कार्यक्रम के दौरान 76 दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा 76 पौधों का पौधारोपण किया जाएगा। दिव्यांग खिलाड़ियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ दिव्यांग खिलाड़ियों की सक्रिय सहभागिता और समावेशी समाज की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
वडनगर रेलवे स्टेशन पर पिछले वर्ष भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2025 को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत 75 पौधों का पौधारोपण किया गया था। पिछले एक वर्ष के दौरान इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया गया। निरंतर देखभाल के परिणामस्वरूप लगाए गए पौधे स्वस्थ एवं विकसित होकर हरे-भरे वृक्षों का रूप ले चुके हैं तथा फल-फूल से समृद्ध हो रहे हैं।
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 76 नए पौधों का पौधारोपण किया जाएगा। अहमदाबाद मंडल की यह पहल ‘पौधारोपण से संरक्षण तक’ की भावना को साकार करते हुए रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयास का हिस्सा है।
आगामी कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने वडनगर रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा और कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेल संरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने के आवश्यक निर्देश दिए।
अहमदाबाद मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रेलवे परिसरों के समग्र विकास के लिए लगातार विभिन्न पहलें की जा रही हैं। वडनगर रेलवे स्टेशन पर 17 सितंबर को होने वाला विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता और समावेशन का संदेश भी दिया जाएगा।