मुंबई। परेल स्थित बीएमसी के प्रसिद्ध केईएम अस्पताल में पढ़ने वाले एमबीबीएस और पीजी मेडिकल छात्रों यानी निवासी डॉक्टरों के लिए वडाला में 15 मंजिला हॉस्टल टॉवर बनाने का फैसला लिया गया है। बीएमसी प्रशासन इस टॉवर का निर्माण वडाला स्थित एकवर्थ बीएमसी अस्पताल के परिसर में कराएगा।

इस परियोजना की डिजाइनिंग और सलाहकार कार्य के लिए रेणुका कंसल्टेंट्स का चयन किया गया है। इसके लिए सवा करोड़ रुपये से अधिक का शुल्क मंजूर करने का प्रस्ताव स्थायी समिति के पास भेजा गया है।

केईएम अस्पताल मुंबई का प्रमुख चिकित्सा और शिक्षण केंद्र है, जहां हर साल सैकड़ों युवा डॉक्टर दिन-रात मरीजों का इलाज करते हैं। लगातार बढ़ती डॉक्टरों की संख्या को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक और बड़े हॉस्टल की जरूरत महसूस की जा रही थी।

बीएमसी वास्तुकार विभाग की ओर से तैयार की गई 15 मंजिला इमारत की डिजाइन को संबंधित विभाग ने हरी झंडी दे दी है। इस पूरी इमारत के निर्माण पर लगभग 62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आने की संभावना है।

बीएमसी ने परियोजना को अगले 48 महीनों यानी चार साल के भीतर पूरा करने की समयसीमा तय की है। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी रोकने के लिए सख्त नियम भी निर्धारित किए गए हैं। बिना किसी वाजिब कारण के काम में देरी होने पर संबंधित ठेकेदार पर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाएगा।

इस हॉस्टल के निर्माण से केईएम अस्पताल के निवासी डॉक्टरों को रहने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे डॉक्टरों के लिए आवासीय व्यवस्था मजबूत होगी और वे मरीजों के इलाज के लिए अधिक मुस्तैदी से उपलब्ध रह सकेंगे।

Tags: