तस्वीर में बांग्लादेश रेलवे के यात्री रेल डिब्बे रेल परिसर और कोच के अंदरूनी हिस्से में दिखाई दे रहे हैं।

रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 LHB ब्रॉड गेज रेल डिब्बों वाले पहले रेक के रोल-आउट के साथ एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। यह रेक बांग्लादेश रेलवे को निर्यात के लिए तैयार किया गया है।

इस रेक में 03 AC स्लीपर कार, 03 AC चेयर कार, 11 नॉन-AC चेयर कार तथा 02 पावर कार शामिल हैं। इन रेल डिब्बों में कई विशिष्ट डिजाइन विशेषताओं और संशोधनों को शामिल किया गया है, जिनमें से अनेक LHB प्रकार के डिब्बों में पहली बार विकसित किए गए हैं।

इन कोचों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इनमें विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और स्टेनलेस स्टील फुटरेस्ट लगाए गए हैं। सीटों को कई पोजीशन में रिक्लाइन करने की सुविधा भी दी गई है।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोचों में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें AC कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम तथा प्रार्थना कक्ष शामिल हैं। विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को भी मजबूत किया गया है, ताकि पीक ट्रैफिक अवधि के दौरान छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन किया जा सके।

इन कोचों की प्रमुख तकनीकी विशेषताओं में यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप Crashworthy Design Provisions का समावेश है। इसके लिए कार बॉडी शेल का व्यापक पुनःडिजाइन करना पड़ा, जिससे टक्कर की स्थिति में बेहतर प्रदर्शन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इन कोचों की विद्युत प्रणाली को विशेष रूप से 415 V ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि भारतीय रेल के कोचों में सामान्यतः 750 V प्रणाली का उपयोग किया जाता है।

रेल डिब्बा कारखाना (RCF) और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत 2015-16 में हुई थी। उस दौरान RCF ने 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति की थी। इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में एक बार फिर RITES के माध्यम से RCF को सात विभिन्न प्रकार के 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का प्रतिष्ठित ऑर्डर प्रदान किया।

12 अगस्त 2026 को 19 LHB ब्रॉड गेज कोचों वाले पहले रेक का रोल-आउट इसी सहयोग की अगली महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसमें बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री आवश्यकताओं के अनुरूप कई विशेष डिजाइन, सुरक्षा प्रावधान और आधुनिक यात्री सुविधाएं शामिल की गई हैं।

Tags: