पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला, कर्णावती एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव
पश्चिम रेलवे ने कर्णावती एक्सप्रेस को नवसारी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया है। 14 और 15 अगस्त से नई व्यवस्था प्रभावी होगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 12933/12934 बांद्रा टर्मिनस–वटवा/अहमदाबाद–बांद्रा टर्मिनस कर्णावती एक्सप्रेस को प्रायोगिक आधार पर नवसारी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया है। इस निर्णय से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को नवसारी स्टेशन से ट्रेन सेवा का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 12933 बांद्रा टर्मिनस–वटवा कर्णावती एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर ठहराव 14 अगस्त, 2026 से यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन से प्रभावी होगा। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 12934 अहमदाबाद–बांद्रा टर्मिनस कर्णावती एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर ठहराव 15 अगस्त, 2026 से यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन से प्रभावी होगा।
इस नए ठहराव के कारण वलसाड एवं सूरत स्टेशनों पर ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय में संशोधन किया गया है। वहीं, अन्य स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, उपर्युक्त ट्रेनों के ठहराव, समय एवं कोच संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। प्रायोगिक आधार पर शुरू किया गया नवसारी का यह अतिरिक्त ठहराव यात्रियों के लिए ट्रेन सेवा की उपलब्धता से जुड़ा महत्वपूर्ण बदलाव है।