तस्वीर में मध्य रेल के महाप्रबंधक और अन्य अधिकारी मुंबई में आयोजित समारोह के दौरान विशेष संरक्षा पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलवे कर्मचारियों के साथ नजर आ रहे हैं।

मुंबई। कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में भारी बारिश के बीच भूस्खलन की समय पर सूचना देकर रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुनर्बहाली कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मध्य रेल के मुंबई मंडल के 11 कर्मचारियों को विशेष संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने 11 अगस्त 2026 को आयोजित समारोह में इन कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए।

ये विशेष संरक्षा पुरस्कार 06 जुलाई 2026 को कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन के विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन की समय पर सूचना देने में दिखाई गई सूझबूझ और तत्परता तथा इसके बाद किए गए उत्कृष्ट पुनर्बहाली कार्य के लिए प्रदान किए गए। पुरस्कार में पदक, प्रशंसा प्रमाणपत्र, उत्कृष्ट सुरक्षा कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र तथा नकद पुरस्कार शामिल थे।

05 जुलाई 2026 को 327 मिमी तथा 06 जुलाई 2026 को 600 से 670 मिमी तक हुई भारी वर्षा के कारण लोनावला-कर्जत सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। 06 जुलाई 2026 को ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने सेक्शन के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण अप, डाउन और मिड लाइन रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान की सूचना संबंधित अधिकारियों एवं संबंधित कंट्रोल कार्यालयों को समय पर दी।

इन कर्मचारियों की समय पर दी गई सूचना से प्रभावित सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही रोकने सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय करने में मदद मिली। इसके बाद कर्मचारियों ने सेक्शन की पुनर्बहाली के कार्य में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे इस सेक्शन पर नियमित रेल सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जा सका।

विशेष संरक्षा पुरस्कार प्राप्त करने वालों में लोनावला, मुंबई मंडल के स्थायी मार्ग के कनिष्ठ इंजीनियर श्री देवनंदन यादव, ट्रैक मेंटेनर श्री संदीप कुमार राय, ट्रैक मेंटेनर श्री स्वप्नील विजय निमगड़े और ट्रैक मेंटेनर श्री अंकित कुमार शामिल हैं।

इसी तरह इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल के कनिष्ठ इंजीनियर श्री नितीश कुमार, ट्रैकमैन श्री अमोल साठे, ट्रैकमैन श्री प्रदीप गणेश वाकले, ट्रैकमैन श्री अमित कुमार, ट्रैक मेंटेनर श्री साकेत कुमार मिश्रा, ट्रैक मेंटेनर श्री कुंदन कुमार तथा पेट्रोलमैन श्री संतोष साहनी को भी पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह में महाप्रबंधक ने अगस्त 2026 माह के लिए 12 कर्मचारियों को भी संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। ये पुरस्कार सतर्कता, कर्तव्य के प्रति समर्पण तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए समय पर की गई कार्रवाई के सम्मान में प्रदान किए गए।

महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति उनके अनुकरणीय समर्पण एवं सतर्कता के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कार्य अन्य रेलवे कर्मचारियों को भी सतर्क रहने तथा यात्री संरक्षा और रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर श्री प्रतीक गोस्वामी, अपर महाप्रबंधक; श्री रजनीश माथुर, प्रधान मुख्य इंजीनियर; श्री चंद्र किशोर प्रसाद, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, मध्य रेल के अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

दिनांक 11 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/08/19 के अनुसार, यह प्रेस विज्ञप्ति डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई है।

Tags: