तस्वीर में रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाइयाँ) श्री सुनील कुमार और आरसीएफ कपूरथला के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन अधिकारियों के साथ रेल कोच के अंदर निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं.   

कपूरथला, 26 सितंबर 2026। रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाइयाँ) श्री सुनील कुमार ने शनिवार को रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला का दौरा कर चल रही उत्पादन गतिविधियों और विनिर्माण सुविधाओं का निरीक्षण किया। आरसीएफ पहुंचने पर रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

श्री सुनील कुमार ने वर्कशॉप का दौरा कर बांग्लादेश रेलवे के लिए बनाए जा रहे रेल डिब्बों से संबंधित निर्माण गतिविधियों का निरीक्षण किया। रेल डिब्बा कारखाना द्वारा बांग्लादेश रेलवे के लिए 200 कोचों का निर्माण किया जाना है और इस परियोजना के प्रथम रेक का उत्पादन अंतिम चरण में है। उन्होंने व्हील शॉप के समीप निर्धारित लाइन पर वंदे भारत ट्रेनसेट का भी निरीक्षण किया।



वर्कशॉप निरीक्षण के बाद श्री सुनील कुमार ने महाप्रबंधक श्री अजय नंदन और रेल डिब्बा कारखाना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में उन्हें बांग्लादेश रेलवे के लिए बनाए जा रहे रेल डिब्बों के अलावा रेल डिब्बा कारखाना की विभिन्न गतिविधियों, उत्पादन कार्यक्रमों और उपलब्धियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस दौरान उत्पादन, गुणवत्ता, तकनीकी उन्नयन और चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर राइट्स के निदेशक/तकनीकी श्री दीपक त्रिपाठी भी उपस्थित थे।

श्री सुनील कुमार ने रेल डिब्बा कारखाना की मान्यता प्राप्त यूनियन और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की तथा उनके साथ संवाद किया। उन्होंने प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दों और मांगों को धैर्यपूर्वक सुना तथा उनकी चिंताओं पर विशेष ध्यान दिया।

श्री सुनील कुमार का यह दौरा रेल डिब्बा कारखाना की उत्पादन गतिविधियों और विभिन्न कोच विनिर्माण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान महत्वपूर्ण रहा। निरीक्षण और बैठकों में गुणवत्ता, समयबद्ध उत्पादन तथा विनिर्माण सुविधाओं के प्रभावी उपयोग से जुड़े पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: