परभणी-मुदखेड़ रेल लाइन: ₹163 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम उन्नत होगा

भारतीय रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के परभणी-मुदखेड़ सेक्शन में ₹163 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम अपग्रेड को मंजूरी दी है। 164 ट्रैक किलोमीटर पर होने वाला यह उन्नयन माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने और वंदे भारत एक्सप्रेस संचालन को समर्थन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Update: 2026-07-28 09:42 GMT

भारतीय रेलवे ने रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और नेटवर्क क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के परभणी-मुदखेड़ डबल लाइन सेक्शन पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम के उन्नयन को मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना में संबंधित विद्युत आपूर्ति स्थापना कार्य भी शामिल हैं, जिसकी स्वीकृत लागत ₹163 करोड़ है।

इस परियोजना के तहत 164 ट्रैक किलोमीटर लंबे खंड पर मौजूदा 1x25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को अधिक उन्नत 2x25 केवी सिस्टम में परिवर्तित किया जाएगा। इसके साथ ही बढ़े हुए विद्युत भार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उन्नत विद्युत आपूर्ति अवसंरचना भी विकसित की जाएगी।

परभणी-मुदखेड़ सेक्शन रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हाईली यूटिलाइज्ड नेटवर्क (HUN) रूट-9 का हिस्सा है, जो अजमेर-इंदौर-खंडवा-अकोला-पूर्णा-मुदखेड़-सिकंदराबाद-महबूबनगर-धोने को जोड़ता है।

उन्नत ट्रैक्शन सिस्टम से रेल संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे इस सेक्शन पर अधिक माल ढुलाई क्षमता का संचालन संभव होगा और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को भी समर्थन मिलेगा। यह परियोजना वर्ष 2029-30 तक भारतीय रेलवे के 3,000 मिलियन टन माल लदान के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में भी योगदान देगी।

यह परियोजना देश के उच्च घनत्व वाले रेल कॉरिडोरों पर विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए भारतीय रेलवे के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाती है।

Tags:    

Similar News