साबरमती की जगह गांधीग्राम से चलेंगी जोधपुर, आगरा कैंट और ग्वालियर एक्सप्रेस, चांदखेड़ा रोड पर भी मिलेगा ठहराव

रेल मंत्रालय ने जोधपुर, आगरा कैंट और ग्वालियर एक्सप्रेस का टर्मिनल स्टेशन साबरमती से गांधीग्राम किया। जानिए नई समय-सारणी, ठहराव और प्रभावी तिथियां।

Update: 2026-07-27 10:32 GMT

तस्वीर में रेलवे स्टेशन का साफ और खाली प्लेटफॉर्म तथा साथ में बिछी रेल पटरियां दिखाई दे रही हैं।

यात्रियों की सुविधा और अहमदाबाद शहर में बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने साबरमती–जोधपुर एक्सप्रेस, साबरमती–आगरा कैंट एक्सप्रेस तथा साबरमती–ग्वालियर एक्सप्रेस के टर्मिनल स्टेशन को साबरमती से बदलकर गांधीग्राम करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही तीनों जोड़ी ट्रेनों को चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।

गाड़ी संख्या 14822 गांधीग्राम–जोधपुर एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से प्रतिदिन गांधीग्राम स्टेशन से प्रातः 07.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 07.09 बजे आगमन तथा 07.11 बजे प्रस्थान करेगी और 18.10 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 14821 जोधपुर–गांधीग्राम एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से प्रतिदिन जोधपुर से अपने निर्धारित समय 10.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 20.15 बजे आगमन तथा 20.17 बजे प्रस्थान करेगी और 21.00 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 12548 गांधीग्राम–आगरा कैंट एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से सप्ताह में चार दिन गांधीग्राम स्टेशन से सायं 16.40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 17.02 बजे पहुंचेगी तथा 17.04 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 07.05 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 12547 आगरा कैंट–गांधीग्राम एक्सप्रेस 25 अगस्त 2026 से आगरा कैंट से अपने निर्धारित समय 22.00 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 11.02 बजे आगमन तथा 11.04 बजे प्रस्थान करेगी और 12.00 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 22548 गांधीग्राम–ग्वालियर एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से सप्ताह में तीन दिन गांधीग्राम स्टेशन से सायं 16.40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 17.02 बजे आगमन तथा 17.04 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 09.25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 22547 ग्वालियर–गांधीग्राम सुपरफास्ट एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से ग्वालियर से अपने निर्धारित समय 20.10 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन यह ट्रेन चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर 11.02 बजे आगमन तथा 11.04 बजे प्रस्थान करेगी और 12.00 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों के समय, ठहराव तथा अन्य अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in का अवलोकन करें। तीनों जोड़ी ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन में यह बदलाव और चांदखेड़ा रोड पर अतिरिक्त ठहराव यात्रियों को अहमदाबाद क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Similar News