मैसूरू-अजमेर एक्सप्रेस अब नियमित, भीलवाड़ा समेत 33 स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
मैसूरू-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब नियमित सेवा में चलेगी। 5 सितंबर से मैसूरू और 7 सितंबर से अजमेर से संचालन होगा। भीलवाड़ा समेत 33 स्टेशनों पर ठहराव और 18 डिब्बों की व्यवस्था रहेगी।
तस्वीर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन और पटरियों पर खड़ा इंजन नजर आ रहा है।
भीलवाड़ा। यात्रियों की सुविधा और यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मैसूरू-अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा को अब नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 16281/16282 मैसूरू-अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन से भीलवाड़ा सहित मार्ग के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 16281 मैसूरू-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 सितंबर 2026 से प्रत्येक शनिवार सुबह 8 बजे मैसूरू से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4:35 बजे अजमेर पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 16282 अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक एक्सप्रेस 7 सितंबर 2026 से प्रत्येक सोमवार शाम 6:50 बजे अजमेर से रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 7 बजे मैसूरू पहुंचेगी।
नियमित रेलसेवा के दौरान ट्रेन का ठहराव कृष्णराजनगर, होले नरसीपुर, हासन, अरसीकेरे, कडूर, चिकजाजूर, दावणगेरे, कोट्टरू, तुगभद्रा डैम, कोप्पल, गदग, हुबली, धारवाड, लोंडा, बेलागावि, घटप्रभा, मिरज, सांगली, कराड, सतारा, लोनंद, पुणे, लोणावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौडगढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर और नसीराबाद स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के अनुसार, नियमित सेवा में ट्रेन में 1 फर्स्ट कम सैकण्ड एसी, 2 सैकण्ड एसी, 2 थर्ड एसी, 7 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे होंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 18 डिब्बे शामिल रहेंगे। मैसूरू, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इस साप्ताहिक रेलसेवा से नियमित रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। स्पेशल ट्रेन का नियमित सेवा में संचालन शुरू होने से भीलवाड़ा समेत मार्ग के यात्रियों के लिए साप्ताहिक आवागमन का विकल्प और सुगम होगा।