मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में रविवार, 15 नवंबर 2026 को उपनगरीय रेल सेवाओं पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव संबंधी कार्यों के लिए मेन लाइन, हार्बर लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन पर यह ब्लॉक रहेगा। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ सेवाओं के मार्ग में बदलाव किया जाएगा और कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य पर 10 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।

मध्य रेलवे के अनुसार, रेलवे कर्मचारी दिवाली के दौरान भी लगातार काम करते रहे और छठ पूजा के दौरान भी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेल सेवाओं का सुचारू संचालन बनाए रखने के लिए काम करते रहेंगे। कर्मचारियों की निष्ठा और कड़ी मेहनत से रेलवे व्यवस्था सुरक्षित और विश्वसनीय बनी हुई है।

मेन लाइन पर ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच अप और डाउन धीमी लाइनों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान मुलुंड से छूटने वाली डाउन धीमी और अर्ध-तेज उपनगरीय ट्रेनें सुबह 10.43 बजे से दोपहर 3.53 बजे तक मुलुंड और कल्याण के बीच डाउन तेज लाइन पर चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें ठाणे, कलवा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके कारण ये अपने निर्धारित गंतव्य पर 10 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।

इसी तरह, कल्याण से छूटने वाली अप धीमी और अर्ध-तेज उपनगरीय ट्रेनें सुबह 10.36 बजे से दोपहर 3.51 बजे तक कल्याण और मुलुंड के बीच अप तेज लाइन पर चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें डोंबिवली, दिवा, मुंब्रा, कलवा और ठाणे स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके बाद मुलुंड स्टेशन पर इन्हें दोबारा अप धीमी लाइन पर स्थानांतरित किया जाएगा। इन सेवाओं के भी अपने गंतव्य तक 10 मिनट देरी से पहुंचने की संभावना है।

ठाणे की उपनगरीय रेल सेवाएं निर्धारित डाउन धीमी लाइन पर ही संचालित होंगी। वहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से रवाना होने वाली और वहां पहुंचने वाली सभी अप एवं डाउन धीमी उपनगरीय ट्रेनें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक 10 मिनट की देरी से चलेंगी।

हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन हार्बर लाइनों पर सुबह 11.05 बजे से शाम 4.05 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। हालांकि, पोर्ट लाइन इस ब्लॉक से प्रभावित नहीं होगी।

ब्लॉक के चलते पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली अप हार्बर लाइन की उपनगरीय ट्रेनें सुबह 10.33 बजे से दोपहर 3.49 बजे तक रद्द रहेंगी। इसी प्रकार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से बेलापुर और पनवेल की ओर जाने वाली डाउन हार्बर लाइन की उपनगरीय सेवाएं सुबह 9.45 बजे से दोपहर 3.12 बजे तक संचालित नहीं होंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पनवेल से ठाणे की ओर जाने वाली अप ट्रांस-हार्बर लाइन की सुबह 11.02 बजे से दोपहर 15.53 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, ठाणे से पनवेल की ओर जाने वाली डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन की सुबह 10.01 बजे से दोपहर 15.20 बजे तक रवाना होने वाली सेवाएं भी रद्द रहेंगी।

हालांकि, ब्लॉक अवधि के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से वाशी के बीच विशेष उपनगरीय ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा ठाणे और वाशी/नेरुल स्टेशनों के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन पर रेल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन पर भी ट्रेनें सामान्य रूप से संचालित होंगी।

मध्य रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे रखरखाव ब्लॉक आवश्यक हैं। ब्लॉक के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है।

यह जानकारी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से जारी 13 नवंबर 2026 के प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/11/18 है।

Tags: