भागलपुर से जयपुर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने वन-वे स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए गाड़ी संख्या 09722 भागलपुर–जयपुर वन-वे स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर 2026 को भागलपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन पर ठहराव करते हुए जयपुर पहुंचेगी।

पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09722 भागलपुर–जयपुर वन-वे स्पेशल 18 नवंबर 2026, बुधवार को रात 21:30 बजे भागलपुर से प्रस्थान करेगी। ट्रेन 19 नवंबर को रात 23:00 बजे भरतपुर स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 03:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

इस स्पेशल ट्रेन का मार्ग और ठहराव सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब, दानापुर, आरा, बक्सर, पं. दीन दयाल उपाध्याय, प्रयागराज छिवकी, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा और गांधीनगर जयपुर स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इन स्टेशनों पर ठहराव के बाद ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य जयपुर पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की अद्यतन जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस अथवा रेल मदद हेल्पलाइन 139 से प्राप्त करने का अनुरोध किया है। यह वन-वे स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर को भागलपुर से रवाना होकर 20 नवंबर की सुबह जयपुर पहुंचेगी।

Tags: