अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा के यात्रियों के लिए बदलाव, 26 दिसंबर तक सूरत की जगह उधना में ठहराव
सूरत रेलवे स्टेशन पर RLDA के कार्य के चलते अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा के हॉल्ट स्टेशन में बदलाव की अवधि बढ़ाई गई है। जानिए गाड़ी संख्या 20995 और 20996 अब किन तारीखों तक उधना स्टेशन पर रुकेंगी और उनका निर्धारित समय क्या है।
सूरत रेलवे स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) से संबंधित कार्य के चलते अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा के यात्रियों को अब सूरत के स्थान पर उधना स्टेशन से यात्रा करनी होगी। रेलवे ने इस अस्थायी व्यवस्था की अवधि बढ़ा दी है। इसके तहत दोनों दिशाओं में चलने वाली रेलसेवाओं का आगमन और प्रस्थान निर्धारित तिथियों तक उधना स्टेशन से होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, सूरत स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) से संबंधित कार्य जारी रहने के कारण गाड़ी संख्या 20995 और 20996 के हॉल्ट स्टेशन में परिवर्तन किया गया है। इस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए दोनों रेलसेवाओं के ठहराव की अवधि निर्धारित की गई है।
गाड़ी संख्या 20995, अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा 31 अक्टूबर 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक सूरत स्टेशन के स्थान पर उधना स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन उधना स्टेशन पर सुबह 07.41 बजे पहुंचेगी और 07.44 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तरह, गाड़ी संख्या 20996, बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा 1 नवंबर 2026 से 27 दिसंबर 2026 तक सूरत के स्थान पर उधना स्टेशन पर ठहराव करेगी। यह रेलसेवा उधना स्टेशन पर शाम 18.12 बजे पहुंचेगी और 18.15 बजे रवाना होगी।
रेलवे के इस निर्णय के अनुसार, निर्धारित अवधि के दौरान दोनों दिशाओं की अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवाओं से यात्रा करने वाले यात्रियों को सूरत के बजाय उधना स्टेशन से आगमन और प्रस्थान करना होगा।