बेचराजी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सजी हुई नई मेमू ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

अहमदाबाद, 30 अक्टूबर 2026। गुजरात में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को दो नई रेल सेवाओं की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू रेल सेवा और साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों सेवाओं से जहां श्री बहुचर माता मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क भी मजबूत होगा।

इस अवसर पर बेचराजी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री हरिभाई पटेल, विधायक श्री सुखाजी ठाकोर, मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

वहीं, साबरमती रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अहमदाबाद के महापौर श्री हितेशभाई बारोट, सांसद श्री राजेश शुक्ला, विधायक श्री अमितभाई शाह, विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल, विधायक श्री जितेंद्र कुमार पटेल, विधायक श्री कौशिक जैन, विधायक श्री अमूल भट्ट, विधायक डॉ. हसमुखभाई पटेल, विधायक श्री दिनेश सिंह कुशवाह, विधायक डॉ. पायलबेन कुकरानी, विधायक श्रीमती कंचनबेन रादड़िया तथा अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष श्री प्रेरक शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू रेल सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के लिए हर्ष और गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बहुचर माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ बेचराजी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस रेल मार्ग का ऐतिहासिक महत्व रहा है। वर्ष 1908 में बड़ौदा रियासत के समय इस क्षेत्र में रेल सेवा शुरू हुई थी। बाद में आमान परिवर्तन कार्य के चलते मीटर गेज पर यात्री सेवाएं बंद कर दी गई थीं। गेज परिवर्तन का काम पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर मालगाड़ियों का परिचालन किया जा रहा था। अब यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने से इस ऐतिहासिक मार्ग पर रेल परिवहन की सुविधा एक बार फिर उपलब्ध हो गई है।

श्री वेद प्रकाश के अनुसार, बेचराजी धार्मिक आस्था के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां मारुति सुजुकी के हंसलपुर स्थित संयंत्र सहित अनेक छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं। नई मेमू सेवा से इन औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित आवागमन के लिए सुविधाजनक साधन मिलेगा।

ट्रेन की समय-सारणी दैनिक यात्रियों, औद्योगिक कर्मचारियों और श्री बहुचर माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्धारित की गई है। साबरमती, अहमदाबाद, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड, चाणस्मा, रणुंज, महेसाणा और बेचराजी के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होने से इन क्षेत्रों के यात्रियों का आवागमन सुगम होगा। इससे कर्मचारियों को कार्यस्थल तक पहुंचने और काम समाप्त होने के बाद घर लौटने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को भी नियमित यात्रा के लिए किफायती परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।

नई मेमू रेल सेवा का किराया भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है। साबरमती से बेचराजी का किराया मात्र ₹25, रणुज का ₹30 और महेसाणा का ₹35 रखा गया है। साबरमती से बेचराजी तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मासिक सीजन टिकट ₹355 में उपलब्ध होगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए इसकी कीमत ₹180 निर्धारित की गई है।

इसके अलावा, 60 किलोग्राम तक सामान ले जाने वाले छोटे व्यापारियों, किसानों तथा दूध एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए ₹535 में मासिक सीजन टिकट उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय उत्पादकों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और परिवहन खर्च में भी बचत होगी।

दूसरी ओर, गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से साबरमती–वाराणसी दैनिक एक्सप्रेस सेवा शुरू की गई है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी तथा यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।

साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

इस ट्रेन के शुरू होने से मार्ग में पड़ने वाले शहरों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। गुजरात और राजस्थान से उत्तर प्रदेश जाने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा अन्य यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा होगी।

वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरों में शामिल है। यहां स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित अनेक प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस शुरू होने से गुजरात और राजस्थान के यात्रियों को वाराणसी तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

दोनों नई रेल सेवाओं की शुरुआत गुजरात में रेल नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और औद्योगिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच लंबी दूरी की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इन सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय व्यापार, रोजगार के अवसरों और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक एवं किफायती रेल परिवहन का विकल्प मिलेगा।

Tags: