सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में बैनर लेकर खड़े रेल अधिकारी और कर्मचारी।

राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर रिवरफ्रंट उस्मानपुरा से रिवरफ्रंट हाउस बिल्डिंग तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर श्री वेद प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाते हुए भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाना चाहिए।

श्री वेद प्रकाश ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। देश को एकजुट, सुरक्षित एवं विकसित बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के सिद्धांतों को आत्मसात करना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से धर्म, जाति और पंथ की विविधताओं से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ और शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से अहमदाबाद मंडल के रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के साथ ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Tags: