अहमदाबाद मंडल में राजभाषा समिति की बैठक, ‘आश्रम सौरभ’ के 56वें अंक का विमोचन
अहमदाबाद मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में ‘आश्रम सौरभ’ के 56वें अंक का विमोचन हुआ और हिंदी नवाचार पर जोर दिया गया।
तस्वीर में अहमदाबाद मंडल की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में बैठे अधिकारी।
24 सितंबर 2026 को पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश ने की। इस अवसर पर मंडल की ई-पत्रिका ‘आश्रम सौरभ’ के 56वें अंक का विमोचन भी किया गया।
बैठक से पूर्व महान हिंदी साहित्यकार रामधारी सिंह दिनकर की जयंती मनाई गई। राजभाषा विभाग की ओर से दिनकर के जीवनवृत्त और साहित्य पर एक रोचक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही ‘हिंदी प्रश्न-मंच’ का आयोजन किया गया, जिसमें रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्न-मंच के विजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने पुरस्कृत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपना अधिकाधिक कार्य राजभाषा हिंदी में करने तथा हिंदी में नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे आमजन को रेल सेवाओं की सहज और सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर के साहित्यिक अवदान पर भी प्रकाश डाला।
अहमदाबाद मंडल में कार्मिकों के लिए राजभाषा हिंदी में मंडल स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे राजभाषा के प्रचार-प्रसार को गति मिलेगी। श्री वेद प्रकाश ने कहा, “राजभाषा केवल पत्राचार की भाषा नहीं है, बल्कि संवाद को जीवंत और पारदर्शी बनाने का एक सशक्त माध्यम है। जब हम दैनिक कार्यों में आम बोलचाल की सरल हिंदी का प्रयोग करते हैं, तो इससे न केवल कार्यों के निष्पादन में गति आती है, बल्कि आम जनता और रेल यात्रियों के साथ हमारा जुड़ाव भी और अधिक मजबूत होता है। हमें इसे केवल एक औपचारिक दायित्व के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सहज कार्यशैली का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।”
बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास गढ़वाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती मंजू मीना सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, नवाचार और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।