तस्वीर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अन्य रेलवे अधिकारियों के साथ रेल भवन परिसर में हाथ में तिरंगा थामे रैली निकालते हुए नजर आ रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन परिसर में तिरंगा रैली का नेतृत्व किया। इस रैली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, बोर्ड के सदस्य, महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की सामूहिक भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

भारतीय रेलवे देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। रेलवे संगठन में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मनाने के साथ ही यह अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के तीसरे चरण के साथ जोड़ा गया है। इसके तहत रेल भवन में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को रेल भवन में ‘वंदे मातरम् की 150 वर्षों की यात्रा’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों को राष्ट्रीय गीत के समृद्ध इतिहास और इसकी स्थायी विरासत से जुड़ने का अवसर मिला।

11 अगस्त 2026 को रेल भवन में ‘देशभक्ति गीत’ विषय पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना का उत्सव मनाया।

14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रेल भवन में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का भी आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय रेलवे अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मजबूत कर रहा है तथा ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत का स्मरण कर रहा है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित ये कार्यक्रम भारतीय रेलवे की सामूहिक भागीदारी को दर्शाते हैं, जिसमें देश की विरासत और आधुनिक एवं प्रगतिशील भारत की आकांक्षाओं के उत्सव को केंद्र में रखा गया है।

Tags: