तस्वीर में अहमदाबाद मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर रैली निकालते हुए देखा जा सकता है।

अहमदाबाद मंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और स्काउट-गाइड सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इसी क्रम में अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। उन्होंने राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त करते हुए सभी रेलकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया।



 इस अवसर पर कार्मिक विभाग, अहमदाबाद मंडल की ओर से नई रेलवे कॉलोनी, साबरमती में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में लगभग 140 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अहमदाबाद मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ रैली में सहभागिता की।

इसके अलावा भारत स्काउट एवं गाइड अहमदाबाद जिला संघ की ओर से न्यू कॉलोनी, साबरमती एवं आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा रैली आयोजित की गई। इसमें 55 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

अहमदाबाद मंडल द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में रेल परिवार की सक्रिय सहभागिता ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को और मजबूत किया।

Tags: