नोहर विधानसभा क्षेत्र के दो राजकीय विद्यालयों में नवीन भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के प्रयासों से दोनों विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 3 करोड़ 19 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इससे दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

जारी वित्तीय स्वीकृति के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर-2, नोहर के नवीन भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, अम्बेडकर बस्ती, फेफाना के भवन निर्माण के लिए 65 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी हुई है।

वित्तीय स्वीकृति जारी होने पर पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

इस स्वीकृति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यालय भवनों के लिए जारी यह स्वीकृति क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Tags: