PNG कनेक्शन नहीं लेने पर LPG कनेक्शन ब्लॉक, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में कार्रवाई
मंत्रालय के निर्देशों के तहत जिन इलाकों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, वहां कनेक्शन न लेने वाले उपभोक्ताओं पर बीपीसीएल गैस ने सख्ती शुरू कर दी है।
हनुमानगढ़, 28 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति पर बढ़ते दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों की पालना करते हुए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल गैस) ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फाजिल्का गैस वितरण क्षेत्रों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी ने अंतिम नोटिस जारी करने के बाद 15 उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं। अब ये उपभोक्ता अपने अगले एलपीजी रिफिल की बुकिंग नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा, 400 से अधिक उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, जिन क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन अपनाने और स्वच्छ, सुरक्षित तथा किफायती गैस आपूर्ति का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। बीपीसीएल गैस श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फाजिल्का गैस वितरण क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
हनुमानगढ़ में 1000 और श्रीगंगानगर में 2000 से अधिक सक्रिय उपभोक्ता
हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में 3200 से अधिक उपभोक्ता 24×7 निर्बाध पीएनजी आपूर्ति का लाभ उठा रहे हैं। पीएनजी को एलपीजी की तुलना में सुरक्षित और किफायती विकल्प माना जाता है। नेटवर्क का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए कंपनी की 24×7 ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस टीम उपलब्ध है।
सिर्फ 1 रुपये प्रतिदिन में पीएनजी कनेक्शन का अवसर
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की पीएनजी ड्राइव 3.0 के तहत बीपीसीएल गैस उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए विशेष सुविधा दे रही है। यह योजना 1 अक्टूबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। इसके तहत उपभोक्ता 750 रुपये की प्रोसेसिंग फीस और लागू जीएसटी का भुगतान कर पीएनजी कनेक्शन ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त कनेक्शन के लिए प्रतिदिन 1 रुपये का शुल्क देना होगा।
योजना के तहत अगले तीन बिलों में प्रत्येक बार 250 रुपये की रीइम्बर्समेंट गैस बिल में दी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को जमा की गई 750 रुपये की राशि वापस मिल सकती है। इस योजना के बिना पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को लगभग 6000 रुपये का भुगतान करना पड़ता था।
हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर की कई कॉलोनियों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध
बीपीसीएल गैस की ओर से उपलब्ध कराई गई क्षेत्रवार जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ की हाउसिंग बोर्ड और न्यू सिविल लाइंस में पीएनजी सुविधा चालू है। वहीं, सेक्टर-6, सुरेशिया, सेक्टर-12, आईटीआई कॉलोनी, गांधी नगर, मेडिकल कॉलोनी, बाबा श्याम सिंह कॉलोनी और सिंधी कॉलोनी में सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
श्रीगंगानगर में मानसरोवर, नीलकंठ, अग्रवाल कॉलोनी, निकुंज विहार, पंचवटी कॉलोनी, बिर्थलियावाला, रामदेव कॉलोनी, शंकर कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, विवेकानंद कॉलोनी, नाइयांवाली, निमांवाली, डॉक्टर कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, एडवोकेट कॉलोनी, वैशाली नगर, मुरारी कॉलोनी, डूंगर कॉलोनी, महावीर इंटरनेशनल कॉलोनी, आनंद विहार, शिव कॉलोनी, गजानंद कॉलोनी, गंगाविहार कॉलोनी और गणेश विहार में पीएनजी सुविधा चालू है। नेहरा नगर, ग्रीन सिटी, होमलैंड सिटी-1 और मॉडल टाउन में सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
इसके अलावा, फाजिल्का जिले के अबोहर शहर में भी जल्द ही पीएनजी सुविधा शुरू की जाएगी।
पीएनजी विस्तार और एलपीजी आपूर्ति पर मंत्रालय के दो राजपत्र आदेश
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत 24 मार्च 2026 और 25 मई 2026 को पीएनजी विस्तार और एलपीजी आपूर्ति से संबंधित आदेश जारी किए थे। इन आदेशों का उद्देश्य प्राकृतिक गैस की पाइपलाइनों के निर्माण, संचालन एवं विस्तार को सुगम बनाना और पीएनजी सुविधा का विस्तार करना है।
संबंधित प्रावधानों के अनुसार, जिन परिवारों के लिए घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें पीएनजी कनेक्शन अपनाने के लिए आवेदन करना चाहिए और लागू नियमों के तहत एलपीजी कनेक्शन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। निर्धारित प्रावधानों के अधीन एलपीजी की आपूर्ति बंद की जा सकती है। बीपीसीएल गैस ने उपभोक्ताओं से इन आदेशों का पालन करने और अपने क्षेत्र में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने पर कनेक्शन अपनाने की अपील की है।
पहला नोटिस जारी होने के 90 दिन बाद कार्रवाई
मंत्रालय के निर्देशों की पालना में बीपीसीएल गैस ने उन उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए थे, जिनके क्षेत्रों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद उन्होंने कनेक्शन नहीं लिया था। पहले नोटिस के 90 दिन पूरे होने के बाद भी पीएनजी कनेक्शन नहीं लेने वाले 15 उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए। अब वे अपने अगले एलपीजी रिफिल की बुकिंग नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही 400 से अधिक उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं।
कंपनी के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करना, उपलब्ध पीएनजी नेटवर्क का उपयोग बढ़ाना और उपभोक्ताओं को वैकल्पिक घरेलू ऊर्जा स्रोत अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पीएनजी कनेक्शन के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
बीपीसीएल गैस ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फाजिल्का गैस वितरण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपने इलाके में पीएनजी सुविधा की उपलब्धता की जानकारी लेने और सुविधा उपलब्ध होने पर कनेक्शन के लिए आवेदन करने की अपील की है।
पीएनजी कनेक्शन के लिए हनुमानगढ़ के उपभोक्ता 9216022663, श्रीगंगानगर के उपभोक्ता 9216022662 और अबोहर के उपभोक्ता 9216022665 पर संपर्क कर सकते हैं। कंपनी के कार्यालय का समय सोमवार से शनिवार सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक है।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपने क्षेत्रों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने पर इसका लाभ उठाने की अपील की है। पीएनजी के उपयोग से सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी पर निर्भरता कम हो सकती है। वहीं, 24×7 आपूर्ति और रखरखाव की व्यवस्था उपभोक्ताओं को निरंतर सेवा उपलब्ध कराने में मदद करती है।