नोहर पालिका अध्यक्ष पद पर फिर 20-20 का पेच, लॉटरी से हो सकता है फैसला
नोहर नगर पालिका अध्यक्ष पद का मुकाबला 20-20 के आंकड़े पर पहुंच गया है। कांग्रेस के 20 पार्षदों के सामने भाजपा, टाक गुट और निर्दलीयों के समर्थन का दावा है। सेंधमारी नहीं हुई तो लॉटरी से फैसला संभव है।
तस्वीर में नोहर नगर पालिका कार्यालय की इमारत का मुख्य द्वार और परिसर नजर आ रहा है।
नोहर नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर सियासी मुकाबला एक बार फिर बराबरी के आंकड़े पर पहुंच गया है। 40 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 20 पार्षद हैं, जबकि भाजपा के 2 पार्षद और टाक गुट के साथ 18 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कुल 20 पार्षद होने का दावा सामने आया है। ऐसे में दोनों खेमों के बीच मुकाबला फिलहाल 20-20 पर अटका नजर आ रहा है। यदि किसी भी खेमे में सेंधमारी नहीं होती है तो अध्यक्ष पद का फैसला एक बार फिर लॉटरी के जरिए होने की नौबत आ सकती है।
नोहर नगर पालिका के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए लॉटरी से फैसला पहले भी हो चुका है। वर्ष 2005 में अध्यक्ष पद का निर्णय लॉटरी से हुआ था। उस समय शशि शर्मा ने मनियादेवी चाचाण को लॉटरी में हराकर अध्यक्ष पद हासिल किया था।
वर्ष 2018 में भी अध्यक्ष पद को लेकर ऐसा ही पेच फंसा था। उस समय वर्तमान विधायक अमित चाचाण नगर पालिका अध्यक्ष पद पर काबिज थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए पुन: चुनाव हुआ और मामला फिर बराबरी पर पहुंच गया। लॉटरी के जरिए हुए फैसले में नीलम जोशी ने सतीश सोनी को हराकर पालिका अध्यक्ष पद हासिल किया था।
इस बार नगर पालिका के 40 वार्डों में कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा के 2 पार्षद और टाक गुट के साथ 18 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कुल 20 पार्षद होने का दावा किया जा रहा है। इस तरह दोनों खेमे फिलहाल बराबरी पर नजर आ रहे हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों खेमे अपने 20-20 पार्षदों को एकजुट रख पाते हैं या किसी पक्ष की ओर से दूसरे खेमे में सेंधमारी होती है। यदि 40 में से कोई पार्षद पाला नहीं बदलता और दोनों पक्ष 20-20 पर कायम रहते हैं तो अध्यक्ष पद का फैसला वोटों से नहीं, बल्कि लॉटरी के जरिए हो सकता है।
नोहर में पहले भी लॉटरी के जरिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी का फैसला हो चुका है। ऐसे में इस बार भी पालिका अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक रणनीति के साथ लॉटरी की भूमिका अहम हो सकती है।