नर्सिंग ऑफिसर पर गिरी गाज, नोहर उप जिला अस्पताल में डॉ. हंसराज शर्मा की सख्त कार्रवाई
नोहर उप जिला अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायतों के बाद डॉ. हंसराज शर्मा ने सख्त कार्रवाई करते हुए एपीओ किया।
तस्वीर में एक डॉक्टर कुर्सी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
नोहर उप जिला चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर के कार्य व्यवहार और ड्यूटी को लेकर मिली शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। उप जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. हंसराज शर्मा ने नर्सिंग ऑफिसर मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), हनुमानगढ़ के कार्यालय के लिए कार्यमुक्त कर दिया है।
12 सितंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया कि मुकेश कुमार के कार्य व्यवहार एवं ड्यूटी के संबंध में ऑनलाइन चिकित्सक एवं भर्ती मरीजों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों में ड्यूटी के दौरान अपेक्षित कार्य दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने तथा मरीजों एवं चिकित्सकीय व्यवस्था के संबंध में शिकायतें सामने आने का उल्लेख किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में दिए गए निर्देशों की पालना में मुकेश कुमार, नर्सिंग ऑफिसर को 12 सितंबर से तत्काल प्रभाव से सीएमएचओ कार्यालय हनुमानगढ़ के लिए कार्यमुक्त किया जाता है।
बताया गया है कि उप जिला चिकित्सालय में एक रोगी के साथ नर्सिंग ऑफिसर द्वारा दुर्व्यवहार करने का मामला डॉ. हंसराज शर्मा के सामने आया था। घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. हंसराज शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और इसके बाद पूरे मामले की जांच करवाई गई। जांच में नर्सिंग ऑफिसर दोषी मिलने के बाद उसे एपीओ करने की कार्रवाई की गई।
डॉ. हंसराज शर्मा ने स्पष्ट कहा कि रोगियों के साथ किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अगर इस प्रकार की शिकायत सामने आई तो बख्शा नहीं जाएगा। शिकायतों पर तत्काल संज्ञान और जांच के बाद की गई यह कार्रवाई अस्पताल में मरीजों के प्रति जिम्मेदारी और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर प्रशासन के सख्त रुख को दर्शाती है।