तस्वीर में नोहर नगरपालिका चुनाव के बाद बाड़ाबंदी के दौरान एकजुट हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार और नेता नजर आ रहे हैं।

नोहर। 12 सितंबर। नगरपालिका चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद अब चुनाव परिणाम से पहले नोहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों की ओर से अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी किए जाने की चर्चाएं लगातार गर्म हैं। दोनों दल अलग-अलग स्थानों पर अपने उम्मीदवारों को एकजुट रखने के प्रयास कर रहे हैं।

बाड़ाबंदी के दौरान किसी भी तरह की सेंधमारी की संभावना को देखते हुए दोनों राजनीतिक खेमों की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। उम्मीदवारों की आवाजाही और आपसी संपर्क को लेकर भी पार्टी स्तर पर निगरानी रखे जाने की बात सामने आ रही है। चुनाव परिणाम से पहले पार्षदों के समर्थन को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ और संभावित समीकरणों पर चर्चाओं का दौर जारी है।

मेहरुन्निसा टाक के नेतृत्व में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी की जा रही है। भाजपा खेमे में भाजपा एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी की जिम्मेदारी पूर्व राज्य मंत्री मेहरुन्निसा टाक द्वारा संभाले जाने की जानकारी है। टाक की सक्रियता के बीच भाजपा खेमे में चुनाव परिणाम को लेकर रणनीतिक मंथन जारी है।

इधर, भाजपा के आला नेताओं की ओर से भी नोहर नगरपालिका चुनाव को लेकर लगातार फीडबैक और अपडेट लिया जा रहा है। शनिवार को कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा भाजपा की बाड़ाबंदी में पहुंचे। उन्होंने भाजपा एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवारों से बातचीत कर चुनावी स्थिति की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पूर्व राज्य मंत्री मेहरुन्निसा टाक से भी चुनाव को लेकर लंबी चर्चा की। इस दौरान चुनाव परिणाम के संभावित समीकरणों, पार्षदों के समर्थन और आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किए जाने की जानकारी है।

गौरतलब है कि नोहर नगरपालिका चुनाव के दौरान पूर्व राज्य मंत्री मेहरुन्निसा टाक की सक्रियता लगातार नजर आई। उनके नेतृत्व में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी गतिविधियां संचालित की गईं। चुनाव संपन्न होने के बाद भी उनकी सक्रियता बनी हुई है।

अब सभी की नजरें मतगणना और परिणाम पर टिकी हैं। मतदान के बाद शुरू हुई बाड़ाबंदी और राजनीतिक बैठकों से नोहर नगरपालिका चुनाव को लेकर सियासी हलचल और बढ़ गई है। आने वाले दिनों में किस खेमे के पक्ष में बहुमत का आंकड़ा जाता है और नगरपालिका में किसकी सरकार बनती है, इस पर शहरवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Tags: